नेता विपक्ष राहुल गांधी के बयान मोदी सरकार को लेकर तीखे होते जा रहे हैं। राहुल ने रायबरेली में दलितों के कार्यक्रम में पीएम मोदी और अमित शाह को 'गद्दार' कहा। आर्थिक संकट की चेतावनी देते हुए लोगों से संविधान की रक्षा करने का आग्रह किया।
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में 'बहुजन स्वाभिमान सभा' को संबोधित करते हुए भाजपा और उसके वैचारिक संगठन RSS पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 'गद्दार' भी कहा। उन्होंने संविधान की रक्षा की अपील की और आर्थिक तूफान की चेतावनी दी।
इस कार्यक्रम का आयोजन जिले के क्रांतिकारी वीर पासी की स्मृति में किया गया था। राहुल गांधी ने कहा, "आप सब ताली बजा रहे हैं... लेकिन जब RSS के लोग आपके सामने संविधान को फाड़कर फेंक देते हैं तो आप चुप रह जाते हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह संविधान आपकी आवाज और आपके खून को ढोता है। इसे बचाना और संरक्षण करना आपका कर्तव्य और जिम्मेदारी है।"
राहुल गांधी ने कहा, "जब ये आरएसएस कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे, तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह की बात करेंगे, तब आपको उनके मुंह पर कहना होगा कि आपके प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन (भाजपा) गद्दार हैं, आपने भारत को बेचने का काम किया है। आपने संविधान पर हमला करने का काम किया है।"
मैं आरएसएस से कभी माफी नहीं मांगूंगा, मैं दोहराता हूं- मोदी-शाह देशद्रोही हैंः राहुल
राहुल गांधी ने कहा- "...संविधान पर हमला करने और उसे नष्ट करने वाले व्यक्ति को आप क्या कहेंगे? आप उसे देशद्रोही कहेंगे। इसीलिए मैंने खुले तौर पर कहा है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह संविधान पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने देश की संपत्ति अडानी और अंबानी को सौंप दी है, देश की संस्थाओं को ध्वस्त कर दिया है और वोटों की चोरी में मदद की है... आरएसएस के सदस्यों, ध्यान दें: आपने मुझसे माफी मांगने की मांग की थी, लेकिन मैं कभी माफी नहीं मांगूंगा। मैं एक बार फिर दोहराता हूं कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी देशद्रोही हैं क्योंकि उन्होंने संविधान पर हमला किया है। मैं आपसे नहीं डरता।"
राहुल गांधी ने आगे कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह डॉ. बी.आर. अंबेडकर, महात्मा गांधी, वीर पासी, नारायण गुरु, बसवन्ना, बुद्ध, गुरु नानक और कबीर जैसे महान विचारकों की विचारधारा को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों की विचारधारा की रक्षा ठीक से नहीं हो रही है क्योंकि हमारे सामने संविधान पर हमला हो रहा है।
आर्थिक तूफान की चेतावनी
भाषण में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम लोगों से विदेश यात्रा न करने, गोल्ड न खरीदने और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की सलाह देते हैं। उन्होंने चेतावनी दी, "आने वाले समय में किसानों को खाद भी नहीं मिलेगी। एक आर्थिक तूफान आने वाला है।"
उन्होंने कहा, "कुछ महीनों में आप देखेंगे कि महंगाई कहां जाती है, पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम कहां पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री खुलेआम कहते हैं कि सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, लेकिन खुद हजारों करोड़ रुपये के विमान से विदेश यात्रा करते हैं और आप लोग चुप रहते हैं।" राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा (UAE, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली) का हवाला दे रहे थे।
रायबरेली में मोदी, मेलोनी, मेलोडी का जिक्र
राहुल गांधी ने रायबरेली का कार्यक्रम में पीएम मोदी, इटली की पीएम मेलोनी का जिक्र किया। राहुल ने कहा- देश में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। और मोदी खुद, अपनी जेब में मेलोडी टॉफी लिए, अपने महंगे विमान से इटली के लिए रवाना हो गए हैं। वहाँ वे इटली के प्रधानमंत्री मेलोनी को मेलोडी टॉफी बाँटकर खूब सुर्खियाँ बटोर रहे हैं। यह देश की जनता का सरासर अपमान है।
राहुल गांधी ने कहा- “भारत छोड़ने से पहले और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मिलने इटली जाने से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की जनता से कहा था कि आर्थिक तूफान आने वाला है। उन्होंने कहा था कि लोग कम पेट्रोल का इस्तेमाल करें, सोना न खरीदें, कम खर्च करें और विदेश यात्रा से बचें। लेकिन ठीक एक दिन बाद, नरेंद्र मोदी 3,000-4,000 करोड़ रुपये के विमान में सवार होकर अपनी जेब में टॉफियां लेकर इटली चले गए, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री मेलोनी को टॉफी भेंट की। अब देखिए इस देश की जनता का किस तरह मजाक उड़ाया जा रहा है। पेट्रोल की कमी है, गैस की कमी है, कारोबार ठप हो रहे हैं, कारखाने बंद हो रहे हैं, महंगाई बढ़ रही है, किसानों को खाद नहीं मिल रही है, और पूरा औद्योगिक तंत्र हिल गया है। नोटबंदी के बाद नरेंद्र मोदी ने कहा था, ‘अगर काला धन खत्म नहीं हुआ तो मुझे फांसी दे दो।’ याद है? उन्होंने हाथ जोड़कर रोते हुए यह कहा था। कोविड के दौरान लॉकडाउन लगाया गया, मजदूरों को परेशानी हुई, किसानों की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई। अब एक बार फिर वही समय आ रहा है। हाथ जोड़कर रोने के लिए।"
बाद में पत्रकारों से राहुल गांधी ने कहा- "हमारे युवा अवसाद में डूब रहे हैं, NEET की परीक्षा रद्द हो गई है, पेट्रोल की कीमतें बढ़ रही हैं, गैस की आपूर्ति कम है और महंगाई लगातार बढ़ रही है; फिर भी, भारत के प्रधानमंत्री इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ 'मेलोडी' का आनंद ले रहे हैं। यही देश की वास्तविक स्थिति है।"
राहुल गांधी ने संविधान को डॉ. आम्बेडकर और महात्मा गांधी की आवाज बताया और कहा कि इसे बचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के रूप में वे लगातार भाजपा पर संविधान के मूल्यों को नष्ट करने का आरोप लगाते रहे हैं। यह कार्यक्रम रायबरेली में राहुल गांधी की सक्रियता को दर्शाता है, जहां वे लगातार स्थानीय मुद्दों और राष्ट्रीय राजनीति को जोड़कर जनता से संवाद कर रहे हैं।