राहुल गांधी ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का खुलकर समर्थन किया है और पीएम मोदी के मेरठ में दिए भाषण और कांग्रेस पर उनके हमले का चुन-चुन कर जवाब दिया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि 'मोदी जी, अहिंसा और लोकतांत्रिक विरोध देश की बुनियाद है, एपस्टीन फाइल में आपका और आपके मंत्री का नाम जुड़ना शर्म की बात है।' उन्होंने कहा कि ट्रेड डील के नाम पर देश बेच देना, अमेरिका में केस में अडानी को बचाना शर्म की बात है। राहुल ने यह जवाब पीएम मोदी के उस भाषण पर दिया है जिसमें उन्होंने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध पर कहा था कि कांग्रेस 'गंदी और नंगी राजनीति' कर रही है। पीएम ने कहा था कि कांग्रेस के नेता शर्म महसूस करने की जगह ऐसे प्रदर्शन का बचाव कर रहे हैं, जो देश की छवि को खराब करता है।

पीएम मोदी के इन्हीं आरोपों के जवाब में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को एक्स पर एक वीडियो बयान जारी किया। उन्होंने कहा, "मोदी जी, आप शर्म की बात करते हो? शर्म की बात मैं आपको बताता हूं। एपस्टीन फाइल में आपका, आपके मंत्री और आपके मित्र का नाम साथ में आना, ऐसे घिनौने अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना - ये शर्म की बात है।"

'ट्रेड डील में देश को बेच देना शर्म की बात है'

राहुल ने आगे कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील में देश को बेच देना शर्म की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश का डेटा दे दिया, किसानों को खत्म कर दिया और टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बर्बाद कर दिया। राहुल ने अडानी पर अमेरिका में चल रहे केस का ज़िक्र किया और कहा, "पूरा देश जानता है कि अडानी केस ने आपकी रातों की नींद उड़ा रखी है। यह बीजेपी और आपके फाइनेंशियल आर्किटेक्चर पर केस है। 14 महीनों से कोई कार्रवाई नहीं हुई - ये शर्म की बात है।"
राहुल ने कहा, "मोदी जी, आप अपने मित्रों अनिल अंबानी, अडानी और खुद के लिए जो उचित समझें, वो कीजिए। मैं और कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे - एक इंच पीछे नहीं हटेंगे।"

यह विवाद दिल्ली में हुए ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट से जुड़ा है, जहां कांग्रेस के यूथ विंग के शर्टलेस प्रदर्शन पर मोदी ने हमला किया था।

कांग्रेस की 'गंदी और नंगी राजनीति': मोदी

मेरठ में रविवार को नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने दिल्ली के भारत मंडपम में हुए ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर कहा था, "कांग्रेस ने भारत के वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी राजनीति का मैदान बना दिया। देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो... फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी?"
ताज़ा ख़बरें

कांग्रेस देश की बदनामी कर रही है: मोदी

पीएम ने समिट का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 80 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि और 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए थे। यह भारत को गौरवान्वित करने वाला कार्यक्रम था, लेकिन कांग्रेस ने इसे बर्बाद करने की कोशिश की। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विदेशी मेहमानों के सामने शर्ट उतारकर प्रदर्शन कर देश की बदनामी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस विचारधारा से दिवालिया हो चुकी है। दुर्भाग्य है कि इतनी पुरानी पार्टी के नेता शर्म करने के बजाय बेशर्मी से बयान दे रहे हैं। कांग्रेस अब देश के लिए बोझ बन गई है।'

मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वे मोदी से इतनी नफरत करते हैं कि उनकी कब्र खोदना चाहते हैं और उनकी मां को गाली देते हैं। उन्होंने कहा, 'वे बीजेपी का विरोध करें, हम सहन करेंगे, लेकिन यह राष्ट्र का कार्यक्रम था, न कि बीजेपी का।' पीएम ने अन्य विपक्षी दलों को धन्यवाद दिया कि उन्होंने कांग्रेस की आलोचना की और राष्ट्रीय गौरव के साथ खड़े हुए। मोदी ने संसद में भी कांग्रेस के व्यवहार का जिक्र किया, जहां बजट सत्र में महिला सांसदों ने पीएम की कुर्सी के पास बैनर लेकर प्रदर्शन किया था।

गलगोटिया मुद्दा 'राष्ट्रीय शर्मिंदगी': कांग्रेस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने भी रविवार को पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने एआई समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी विवाद को 'राष्ट्रीय शर्मिंदगी' बताया। खेड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पीएम के 'मन की बात' में गलगोटिया का कोई जिक्र नहीं है। कोई पछतावा नहीं, कोई माफी नहीं। उन्होंने बीजेपी को 'हां जी वालों का इको चैंबर' बताया, जहां सिर्फ चापलूसी चलती है।

खेड़ा ने आरोप लगाया कि बीजेपी करदाताओं का पैसा बर्बाद करके 'मन की बात' के सुनने के कार्यक्रम आयोजित करती है, ताकि नेता ताली बजाकर फोटो खिंचवा सकें।
राजनीति से और ख़बरें

एआई समिट में क्या-क्या विवाद हुए?

ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट भारत को एआई में लीडर दिखाने के लिए था, लेकिन इसमें कई विवाद हुए, जिससे देश की छवि खराब हुई। पहले दिन लंबी कतारें, भीड़भाड़, खराब साइनेज और रजिस्ट्रेशन सिस्टम क्रैश। डेलीगेट्स को घंटों बाहर खड़े रहना पड़ा। पीएम आने से पहले सिक्योरिटी स्वीप में सामान चोरी की शिकायतें आईं। आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने माफी मांगी। राहुल गांधी ने इसे 'अव्यवस्थित पीआर तमाशा' कहा।

गलगोटिया यूनिवर्सिटी का फर्जी इनोवेशन

यूनिवर्सिटी ने स्टॉल पर एक रोबोटिक डॉग को अपना इन-हाउस इनोवेशन बताया। प्रोफेसर नेहा सिंह ने इंटरव्यू में तारीफ की, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि यह चीन की कंपनी यूनिट्री का Go2 मॉडल है, जो बाजार में उपलब्ध है। भारी बैकलैश हुआ, स्टॉल सील कर दिया गया। यूनिवर्सिटी ने माफी मांगी। अगले दिन 'ड्रोन सॉकर एरिना' भी इंपोर्टेड निकला। यह विदेशी मीडिया में छपा और भारत की एआई क्षमता पर सवाल उठे।

बिल गेट्स की स्पीच रद्द होने पर कन्फ्यूजन। कुछ रिपोर्टों में एपस्टीन कनेक्शन से जोड़ा गया, लेकिन मुख्य कारण अलग बताया गया।
सर्वाधिक पढ़ी गयी ख़बरें

यूथ कांग्रेस का शर्टलेस प्रोटेस्ट

इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर मोदी के खिलाफ नारे लगाए। बीजेपी ने इसे राहुल गांधी की साजिश बताया। संबित पात्रा ने कहा कि यह राहुल के घर पर रची गई थी। यूथ कांग्रेस ने कहा कि यह बेरोजगार युवाओं का गुस्सा है।


बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को 'एंटी-इंडिया पार्टी' बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर आपत्तिजनक नारे लगाए गए। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस देश की सफलता पचा नहीं पाती।

यह विवाद राजनीतिक गर्मी बढ़ा रहा है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर देश की बदनामी का आरोप लगा रही हैं।