पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। ED की टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित उनके आधिकारिक आवास पर लंबी तलाशी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। आप संजीव अरोड़ा आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष हैं। आप प्रमुख और पूर्व सीएम केजरीवाल ने इस गिरफ्तारी की निन्दा करते हुए इस मोदी सरकार का प्रतिशोध बताया।
ED के अनुसार, संजीव अरोड़ा पर उनके कंपनी के माध्यम से 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के फर्जी GST खरीदारी और दुबई से भारत में फंड्स के राउंड-ट्रिपिंग (अवैध धन का चक्र) का आरोप है।
ED के करीब 20 अधिकारी आठ वाहनों में शनिवार सुबह जल्दी अरोड़ा के चंडीगढ़ आवास पर पहुंचे। यह AAP नेता पर तीसरी तलाशी थी, इससे पहले एक महीने से भी कम समय पहले भी छापेमारी हुई थी।
ताज़ा ख़बरें
ED सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली, गुड़गांव और चंडीगढ़ में पांच जगहों पर तलाशी ली गई। इनमें अरोड़ा परिवार द्वारा प्रमोटेड कंपनी Hampton Sky Realty Limited के कार्यालय परिसर और संजीव अरोड़ा का आवास शामिल था।

ED का आरोप

ED अधिकारी ने बताया, “ED ने संजीव अरोड़ा द्वारा उनकी कंपनी के जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला पकड़ा है। इसमें मोबाइल फोन की 100 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी GST खरीदारी और निर्यात के माध्यम से दुबई से भारत में अवैध फंड्स लाने-ले जाने का मामला शामिल है।”
ईडी ने सूत्रों ने बताया कि पंजाब कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों में कथित वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ है, जिनमें 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री और फर्जी संस्थाओं के माध्यम से किए गए निर्यात शामिल हैं। एजेंसी को संदेह है कि विदेशी संस्थाओं के माध्यम से धन का गबन हुआ है, जो फेमा नियमों का उल्लंघन है। एजेंसी ने कई बैंक खातों को अटैच कर लिया है और साथ ही नेटवर्क से जुड़े डीमैट खातों और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज कर दिया है।
ईडी अधिकारी ने बताया कि “दिल्ली में गैर-मौजूद फर्मों से कई फर्जी GST खरीद बिल प्राप्त किए गए, जिनका इस्तेमाल फर्जी ITC (इनपुट टैक्स क्रेडिट) क्लेम करने, निर्यात क्रेडिट पर GST रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक लेने के लिए किया गया। इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा और व्यक्तिगत लाभ कमाया गया।”

संजीव अरोड़ा कौन हैं

संजीव अरोड़ा पंजाब कैबिनेट में बिजली, उद्योग, निवेश संवर्धन और स्थानीय सरकार मंत्री हैं। वे भगवंत मान कैबिनेट के सबसे प्रभावशाली मंत्रियों में से एक माने जाते हैं और AAP सरकार व राज्य के उद्योगपतियों के बीच मुख्य कड़ी के रूप में देखे जाते हैं।

केजरीवाल और संजय सिंह ने निन्दा की

आप सांसद संजय सिंह ने संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी की निन्दा करते हुए कहा कि औरंगजेब रूपी मोदी के अत्याचार का अंत पंजाब की बहादुर जनता करेगी। एक साल में तीन ED का छापा मारने के बाद जब कुछ भी हाथ नही लगा तो सुपारी किलर ने
संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया इस तानाशाही का जवाब पंजाब देगा।
केजरीवाल का बयानः आप प्रमुख अरविन्द केजरीवाल ने एक्स पर लिखा है- प्रधानमंत्री जी ने शुभेंदु अधिकारी पर खुद भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, आज उसी सुवेंदु अधिकारी को CM पद की शपथ दिला दी। शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ED नहीं जाएगी.. ED संजीव अरोड़ा, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ कार्रवाई करेगी। केजरीवाल ने इस बयान का वीडियो भी जारी किया है।
पंजाब के सीएम भगवंत मान का बयानःपंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूरे घटनाक्रम पर कहा- आज फिर से BJP की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर BJP की ED आई है। और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है, औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है, जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुकी, तो मोदी के इन हथकंडों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ED-BJP के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।