इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ज़िंदा हैं या नहीं, सोशल मीडिया पर अभी इसकी गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि उनके ज़िंदा होने के दावे के लिए डाले गये दो वीडियो ने और उलझनें बढ़ा दीं। पहले नेतन्याहू का एक वीडियो आया था जिसमें छह उंगलियाँ होने की बात कहकर एआई वीडियो का दावा किया गया था और अब एक नये वीडियो में नेतन्याहू कॉफी पीते नज़र आए तो फिर से एआई वीडियो होने की बात कही जा रही है।
यह नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह एक कॉफी शॉप में दिख रहे हैं और अपनी मौत की अफ़वाहों का मजाक उड़ा रहे हैं। लेकिन इस वीडियो ने नई बहस छेड़ दी है, क्योंकि ग्रोक ने दावा किया है कि यह वीडियो एआई से बनाया गया डीपफेक है।
यह सब तब शुरू हुआ जब इंटरनेट पर ख़बरें फैलीं कि ईरान के हमले में नेतन्याहू की मौत हो गई है। ऐसी ख़बरों को रोकने के लिए नेतन्याहू ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में वे कॉफी ऑर्डर करते दिखते हैं और मजाक में कहते हैं, 'मैं कॉफी के लिए मर रहा हूं' (I am dead for coffee)। यह एक हिब्रू मुहावरा है, जिसका मतलब है कि वे कॉफी से बहुत प्यार करते हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, 'वे कहते हैं मैं क्या हूं?' लेकिन इस वीडियो को देखते ही लोग शक करने लगे। कई यूजरों ने कहा कि यह असली नहीं लगता। ग्रोक ने यूजर्स के सवालों के जवाब में साफ़ कहा कि यह वीडियो एआई से बनाया गया डीपफेक है। ग्रोक ने लिखा, 'यह एआई-जनरेटेड है। यह बेंजामिन नेतन्याहू का डीपफेक वीडियो है, जिसमें वे कॉफी शॉप में ईरान-लेबनान ऑपरेशंस के बारे में बात कर रहे हैं। ऐसी कोई असली घटना नहीं हुई।' ग्रोक ने इसे 'सैटायर' या मजाकिया वीडियो भी कहा, लेकिन कई बार इसे '100% डीपफेक' बताया।

सोशल मीडिया यूज़रों ने क्या सवाल उठाए?

वीडियो में कुछ अजीब बातें दिखाई दीं, जिन्हें लोग एआई का सबूत बता रहे हैं-
  • कप के झुकने के बाद भी कॉफी का लेवल बिल्कुल नहीं बदलता, जैसे गुरुत्वाकर्षण को चुनौती दे रहा हो।
  • होंठों की मूवमेंट और बात करने में सिंक नहीं लगता।
  • जेब में हाथ डालने की मूवमेंट अस्वाभाविक लगती है।
  • एक यूजर ने कहा कि नेतन्याहू बाएं हाथ से ज्यादा काम करते हैं, लेकिन वीडियो में वे दाएं हाथ से कॉफी पी रहे हैं।
  • कॉफी पीने के बाद एक फ्रेम में होंठों पर ब्राउन निशान दिखते हैं, लेकिन अगले फ्रेम में गायब हो जाते हैं।
दरअसल, शुरुआत में ग्रोक ने इसे एक 'व्यंग्य' वीडियो बताया था। क्या यह असली है? इस सवाल के जवाब में ग्रोक ने फिर कहा, "नहीं, यह असली नहीं है। यह AI द्वारा बनाया गया एक 'डीपफेक' वीडियो है। नेतन्याहू के आधिकारिक अकाउंट ने इसे व्यंग्य या मज़ाक के तौर पर पोस्ट किया था (कैप्शन: 'वे कहते हैं कि मैं क्या हूँ?'), शायद ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच उनकी मौत की हालिया अफ़वाहों का खंडन करने के लिए। कॉफी का स्तर स्थिर रहना, होठों का तालमेल स्वाभाविक न लगना, और ऑपरेशन्स के बारे में सामान्य बातचीत- ये सभी संकेत इस बात की पुष्टि करते हैं कि यह वीडियो नकली है।"
जैक्सन हिंकल नाम के एक यूज़र ने वीडियो की क्लिप को स्लो मॉशन में शेयर करते हुए लिखा, 'नेतन्याहू की जादुई जेब'।
कुछ यूज़र्स ने उनकी कॉफ़ी के कप के स्क्रीनशॉट और क्लिप भी अटैच किए, जिनमें कथित तौर पर उनकी कॉफ़ी 'गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देती' और बिना गिरे नज़र आ रही थी।
कुछ लोगों ने यह भी बताया कि नेतन्याहू का बायाँ हाथ ज़्यादा चलता है, जबकि वीडियो में उन्हें अपने दाएँ हाथ से कॉफ़ी पीते हुए दिखाया गया है। एक यूज़र ने लिखा कि कॉफी पीने के बाद एक फ्रेम में होंठों पर ब्राउन निशान दिखते हैं, लेकिन अगले फ्रेम में गायब हो जाते हैं।
पहले एक अन्य वीडियो में छह उंगलियां दिखने की अफवाह थी, तो इस नए वीडियो में नेतन्याहू ने दोनों हाथ दिखाकर 10 उंगलियां गिनवाईं, लेकिन कुछ यूजरों ने कहा कि एक फ्रेम में उंगलियाँ दोहरी दिख रही हैं।

छह उंगलियों वाले वीडियो पर बवाल

नेतन्याहू ने शुक्रवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वे इसराइल-अमेरिका-ईरान जंग के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात कर रहे थे। वीडियो पोस्ट होते ही कुछ लोग बोले कि वीडियो में नेतन्याहू के दाहिने हाथ में छह उंगलियाँ दिख रही हैं। वीडियो के क़रीब 35 सेकंड पर, छोटी उंगली के पास थोड़ा अतिरिक्त मांस दिखा, जिसे लोग छठी उंगली समझ बैठे। उन्होंने कहा कि ये एआई से बने वीडियो की आम गलती है। एआई में अक्सर उंगलियाँ गड़बड़ दिखती हैं। इस अफवाह को और बढ़ावा मिला जब अमेरिकी कमेंटेटर कैंडेस ओवेन्स ने एक्स पर लिखा, "बीबी कहाँ है? उनका दफ्तर क्यों फेक एआई वीडियो जारी और डिलीट कर रहा है? और व्हाइट हाउस में इतना डर क्यों फैला हुआ है?' लेकिन फैक्ट-चेक करने पर पता चला कि ये सिर्फ छाया या हाथ की मुद्रा की वजह से ऐसा लगा था - असल में उनके हाथ में पाँच ही उंगलियाँ हैं। कई फैक्ट-चेक साइट्स ने इसे गलत बताया है। बाद में ओवेन्स ने एक अन्य पोस्ट में कहा, 'मुझे नहीं पता कि बीबी की मौत हो गई है या नहीं, लेकिन यह बिल्कुल साफ़ है कि व्हाइट हाउस में सचमुच घबराहट फैली हुई है और यह युद्ध योजना के मुताबिक नहीं चल रहा है। और जिस तरह से ट्रंप ने स्कूली छात्राओं पर बमबारी करने के बारे में इतनी आसानी से झूठ बोला, उसे देखते हुए इस प्रशासन की किसी भी बात पर भरोसा करना मुश्किल है।'

ईरानी सेना की धमकी

इस बीच, ईरान ने नेतन्याहू के ख़िलाफ़ नई धमकी दी है। ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए ने एक्स पर पोस्ट किया कि  इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी ईरानी सेना ने कहा है, 'अगर यह बच्चे मारने वाला अपराधी ज़िंदा है तो हम पूरी ताक़त से उसका पीछा करेंगे और उसे मार डालेंगे।' यह धमकी ऐसे समय में आई है जब युद्ध के बीच में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे को मारने की धमकी दी गई है।
कई न्यूज़ रिपोर्टों में कहा गया है कि उस कॉफी शॉप 'द सतफ कैफे' ने नेतन्याहू की तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वे जिंदा और कॉफी पीते दिख रहे हैं, ताकि अफवाहें रुकें। हालाँकि बाद में वे तस्वीरें हटा ली गईं। ग्रोक के दावे ने भी सब कुछ और उलझा दिया।