Axis My India एग्जिट पोल के अनुसार तमिलनाडु में विजय की TVK सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है। क्या राज्य में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने वाला है?
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के एक एग्जिट पोल ने सभी को चौंका दिया है। पोलिंग एजेंसी एक्सिस माय इंडिया ने भविष्यवाणी की है कि अभिनेता से नेता बने विजय की नई पार्टी TVK यानी तमिलगा वेट्ट्री कझगम शानदार शुरुआत करते हुए सबसे आगे निकल सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में TVK को 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान है। यह आंकड़ा सत्तारूढ़ डीएमके गठबंधन से भी कुछ ज्यादा है।
Axis My India के सर्वे ने टीवीके को सबसे बड़ी पार्टी बनने के आसार बताए हैं। इस एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके गठबंधन को 92-110, टीवीके को 98-120 और एआईएडीएमके गठबंधन को 22-32 सीटें मिल सकती हैं।
एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल में विजय की TVK सबसे आगे
वोट शेयर में भी टक्कर
एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक़, TVK और DMK+ दोनों का वोट शेयर लगभग 35 प्रतिशत है। वहीं AIADMK वाला NDA गठबंधन काफी पीछे है।
युवाओं का भारी समर्थन
TVK को सबसे ज्यादा समर्थन युवाओं से मिला है। सर्वे में कहा गया है-
- 18-19 साल के पहली बार वोट देने वाले युवाओं में 68% ने TVK को वोट दिया
- 20-29 साल के युवाओं में 59% का समर्थन
- 30-39 साल के लोगों में 45% समर्थन
- छात्र, बेरोजगार युवा और शहरी मतदाता खास तौर पर TVK की तरफ़ झुके दिख रहे हैं।
बदलाव की लहर
वोट देने वाले करीब 35 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे बदलाव चाहते थे। TVK को वोट देने वालों में यह आंकड़ा 77 प्रतिशत तक पहुंच गया। कई लोगों ने साफ कहा कि वे विजय की वजह से ही इस पार्टी को वोट दे रहे हैं।
जाति से ऊपर उठकर मिला समर्थन
TVK ने सिर्फ एक जाति या समुदाय तक खुद को सीमित नहीं रखा। ओबीसी, एससी, अल्पसंख्यक, शहर और गांव, हर जगह पार्टी ने अच्छी पैठ बनाई है। हालांकि शहरी इलाकों में टीवीके का प्रदर्शन सबसे मज़बूत दिख रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में भी पार्टी की पहुंच बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री की रेस में भी विजय आगे
मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा नेता कौन? इस सवाल के जवाब देने वालों की पसंद विजय रहे-
- विजय – 37%
- एम.के. स्टालिन – 35%
विजय यहां भी थोड़े आगे चल रहे हैं।
अन्य एग्जिट पोल क्या कह रहे हैं?
तमिलनाडु में अधिकतर एग्ज़िट पोल में डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन सरकार बरकरार रखता दिख रहा है। मैट्राइज़ के एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 122-132 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एआईएडीएमके वाले गठबंधन को 87-110 सीटें मिलने के आसार हैं। टीवीके को 10-12 सीटें मिलने की संभावना है। अन्य को 0-6 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस डीएमके के साथ गठबंधन में है, जबकि बीजेपी एआईएडीएमके साथ गठबंधन में है।पीपल्स पल्स एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके+ को 125-145 सीटें मिल सकती हैं। एआईएडीएमके+ को 65-80, टीवीके को 18-24 और अन्य को 2-6 सीटें मिल सकती हैं।
यदि वोट प्रतिशत की बात करें तो पीपल्स पल्स के एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके गठबंधन को 38.4 फ़ीसदी, एआईएडीएमके गठबंधन को 31.5 फीसदी टीवीके को 23.6 फीसदी और अन्य को 6.5 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
चाणक्य स्ट्रैटजीज के एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके वाले गठबंधन को 145 से 160 सीटें मिल सकती हैं जबकि एआईएडीएमके वाले गठबंधन को 50-65 सीटें मिलने के आसार हैं। अन्य को 18-26 सीटें मिल सकती हैं।
क्या होगा आगे?
अगर Axis My India का यह एग्जिट पोल सही साबित होता है तो तमिलनाडु की राजनीति पूरी तरह बदल सकती है। दो दलों DMK और AIADMK की पुरानी पकड़ टूट सकती है और TVK तीसरा बड़ा खेमा बनकर उभर सकती है। वैसे, यह भी आशंका है कि एग्जिट पोल में कुछ गलती हो सकती है और तमिलनाडु पहले भी कई बार पोल्स को गलत साबित कर चुका है। असली नतीजे 2026 के चुनाव परिणाम आने पर ही पता चलेंगे। लेकिन एक बात साफ़ है कि अभिनेता विजय ने अपनी पहली ही चुनावी लड़ाई में तमिलनाडु की राजनीति के केंद्र में खुद को स्थापित कर लिया है।