Tamil Nadu TVK News: तमिलनाडु में कांग्रेस के सशर्त समर्थन के बावजूद टीवीके के नेतृत्व में सरकार बनने की तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है। विजय एआईएडीएमके समेत कई छोटे दलों को टटोल रहे हैं। आज वो गवर्नर से भी मिलने वाले हैं।
तमिलनाडु में 118 के जादुई आंकड़े से कुछ कम होने के बावजूद, विजय सी जोसेफ की तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) को कांग्रेस का सशर्त समर्थन मिल गया है। लेकिन राज्य में सरकार बनने की तस्वीर अभी भी साफ नहीं है। टीवीके कई दलों से बात कर रही है। हालांकि विजय आज बुधवार 6 मई को राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। विजय राज्य की प्रमुख पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (एआईएडीएमके) से भी बातचीत कर रहे है, जिसके पास 47 सीटें हैं। कांग्रेस के अलावा अभी किसी भी छोटे दल ने टीवीके के समर्थन का ऐलान नहीं किया है।
विधानसभा चुनाव में तमिल फिल्म सुपरस्टार विजय की पार्टी टीवीके ने शानदार जीत हासिल की और 108 सीटें जीतकर राजनीतिक नक्शे को पूरी तरह से बदल दिया। डीएमके 59 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर सिमट गई। हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के जादुई आंकड़े 118 से पीछे रहने के कारण, विजय की पार्टी को अब गठबंधन में जाना पड़ रहा है।
टीवीके ने मंगलवार को कांग्रेस का समर्थन हासिल कर लिया, जिसने पाँच सीटें जीतीं हैं। हालांकि, कांग्रेस के समर्थन के बावजूद भी कुल सीटें केवल 113 ही रहीं। स्थिर बहुमत हासिल करने के लिए कई छोटे क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाना आवश्यक है। इन छोटे दलों में "संकोच" की वजह से विजय के खेमे ने अपना ध्यान अब एआईएडीएमके की तरफ मोड़ दिया है। लेकिन एआईएडीएमके दरअसल बीजेपी के साथ गठबंधन में है तो फैसला लेने से पहले एआईएडीएमके अपनी सहयोगी पार्टी से बातचीत ज़रूर कर सकती है। इसलिए एआईएडीएमके समर्थन मिलने की संभावना पर अभी कोई संकेत नहीं है।
मंगलवार शाम को, विजय के खेमे और एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी के बीच बातचीत जारी होने की पुष्टि हुई है। टीवीके के शीर्ष सूत्रों ने मीडिया को बताया कि विजय के करीबी सहयोगियों में से एक प्रमुख आधव अर्जुन शुरुआती बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अर्जुन, एआईएडीएमके विधायक और लॉटरी कारोबारी सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन के दामाद हैं। जिससे इस महत्वपूर्ण राजनीतिक दांव-पेच में इस पहलू का भी महत्व है।
विजय आज राज्यपाल से मिलेंगे, दो तरह के विकल्प हैं
पीटीआई के मुताबिक विजय बुधवार (6 मई) को राज्यपाल आरवी अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। राज्यपाल द्वारा टीवीके को दो विकल्प दिए जाने की संभावना है। पहला विकल्प यह हो सकता है कि वे टीवीके प्रमुख को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने का निर्देश दें। दूसरा विकल्प यह हो सकता है कि वे विजय को सहयोगी दलों से समर्थन पत्र एकत्र करके उन्हें सौंपने के लिए कहें।
कांग्रेस का टीवीके को सशर्त समर्थन
कांग्रेस ने टीवीके को सशर्त समर्थन देने की घोषणा की है। कांग्रेस ने दो कैबिनेट मंत्री पद और सरकारी बोर्डों में कुछ अध्यक्षों की मांग की है। आज बुधवार को कांग्रेस की ओर से औपचारिक समर्थन पत्र जारी किए जाने की संभावना है। इसके बाद कांग्रेस के विधायक विजय से पनैयूर (Panaiyur) में मुलाकात करेंगे, जहां से टीवीके का राजनीतिक ऑपरेशन हो रहा है। इस बैठक में गठबंधन के ब्यौरे और सरकार गठन के अगले कदम तय किए जाएंगे।
छोटे दल संकोच में, अभी समर्थन का ऐलान नहीं
टीवीके वामपंथी पार्टियों (CPI(M), CPI) और अन्य छोटी क्षेत्रीय पार्टियों जैसे VCK और IUML से भी बातचीत कर रही है। इन दलों और कांग्रेस के समर्थन से विजय की पार्टी आसानी से बहुमत हासिल कर सकती है। हालांकि DMK कह रही है कि उसके सहयोगी VCK और वामपंथी दल टीवीके से गठबंधन नहीं करेंगे। डीएमके ने कांग्रेस के रुख पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की। डीएमके और कांग्रेस का गठबंधन अब टूटने के कगार पर है।उधर, विजय ने सोमवार को चेन्नई के पट्टिनमपक्कम स्थित अपने आवास पर पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की, जिसमें कैबिनेट गठन पर चर्चा हुई। इस बैठक में विजय को विधायक दल का नेता चुना गया। सूत्रों के मुताबिक, विजय 7 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। उनके साथ नौ कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण की भी संभावना है।
टीवीके मात्र दो साल पुरानी पार्टी है। विजय ने TVK का गठन 2024 में किया था। यह घटनाक्रम राज्य की राजनीति को पूरी तरह बदलने जा रहा है। सभी की निगाहें अब विजय के अगले कदमों पर हैं, जिन्हें स्थिर गठबंधन सरकार बनाने के लिए और दलों को साथ लाना होगा।