तमिलनाडु की राजनीति में पहले ही चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर हलचल मचाने वाली विजय की टीवीके का कांग्रेस के साथ गठबंधन हो सकता है। इसके संकेत दोनों तरफ़ से मिलने शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही कई छोटे दलों ने टीवीके नेताओं से संपर्क साधा है। रिपोर्ट है कि सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई है और इसके समर्थन को लेकर ये दल संपर्क कर रहे हैं।

सरकार बनाने को लेकर यह हलचल तब शुरू हुई है जब अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की नई पार्टी टीवीके ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में धमाकेदार शुरुआत की है। पहली बार चुनाव लड़ते हुए टीवीके ने 109 सीटों पर बढ़त बनाई है और यह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। रिपोर्ट है कि इस शानदार प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पार्टी ने टीवीके से गठबंधन की बात शुरू कर दी है।

गठबंधन के कैसे मिले संकेत?

अगर कांग्रेस और टीवीके साथ आएं तो छोटे दलों की मदद से वे बहुमत के आँकड़े 118 तक पहुंच सकती हैं। सरकार बनाने के लिए टीवीके की सीटें कम पड़ने पर कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथाइगल काची यानी VCK, वामपंथी दल CPI और CPI(M) की भूमिका अहम होने की संभावना है। फिलहाल टीवीके की 109, कांग्रेस की 5, सीपीआई व सीपीएम की 2-2 वीसीके की एक सीट पर बढ़त है। माना जा रहा है कि PMK के कुछ नेताओं की भूमिका भी अहम हो सकती है। हालाँकि, पीएमके एआईएडीएमके और बीजेपी के साथ गठबंधन में है। पीएमके के पास भी पाँच सीटें हैं। यदि पीएमके के जीते उम्मीदवार विजय का समर्थन नहीं भी करते हैं तो भी टीवीके सरकार बनाने की स्थिति में पहुँच सकती है। ऐसा इसलिए कि कुछ दलों से गठबंधन के संकेत मिल रहे हैं।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि तमिलनाडु के नतीजे पूरे देश के लिए आश्चर्यजनक रहे। उन्होंने विजय की तारीफ करते हुए कहा, 'हमें विजय की सराहना करनी चाहिए।' उन्होंने कहा है कि बिना देरी के हमें तमिलनाडु पर जल्दी फ़ैसला लेना चाहि। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी टीवीके के सबसे बड़ी पार्टी बनने पर विजय को बधाई दी है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को रिपोर्ट भेजी है। इसमें टीवीके के साथ गठबंधन करने की सिफारिश की गई है।

विजय के पिता का खुला निमंत्रण

इधर, अभिनेता से नेता बने विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने कांग्रेस को टीवीके के साथ गठबंधन का खुला निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बहुत गौरवशाली रहा है, लेकिन लगातार दूसरों को समर्थन देने से उसकी अपनी ताकत कमजोर हो गई है। आजतक की रिपोर्ट के अनुसार चंद्रशेखर ने कहा, 'कांग्रेस को सत्ता की जरूरत है। हम उन्हें वह ताकत दे सकते हैं। विजय कांग्रेस को सत्ता दिलाने के लिए तैयार हैं। अगर कांग्रेस को यह मौका मिला तो वह अपनी पुरानी पहचान और मजबूती वापस पा सकती है।' उन्होंने विजय के बारे में कहा कि उनका बेटा अब पूरी तरह समाज सेवा और तमिल जनता की भलाई के लिए समर्पित है। विजय का युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोगों से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।

टीवीके का ऐतिहासिक प्रदर्शन

टीवीके का यह प्रदर्शन राजनीतिक इतिहास में याद रखा जाएगा। पार्टी बनने के सिर्फ दो साल में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना तमिलनाडु में पहले कभी नहीं हुआ। एम.जी.आर. ने 1972 में एआईएडीएमके बनाई और 1977 में मुख्यमंत्री बने। लेकिन विजय की पार्टी ने सिर्फ दो साल में सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल कर लिया।

1967 से तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके की दो बड़ी पार्टियों का राज चला आ रहा था। अब टीवीके ने इस द्वंद्व को तोड़ दिया है। विजय ने 2024 में ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ यानी GOAT फिल्म में काम किया था। उनके राजनीतिक करियर की इस शुरुआत को भी ‘GOAT’ प्रदर्शन कहा जा रहा है।

आगे क्या?

ऐसे संकेत हैं कि अभी दोनों तरफ से गठबंधन की बातचीत चल रही है। अगर गठबंधन होता है तो तमिलनाडु की राजनीति पूरी तरह बदल सकती है। कांग्रेस को नई ताकत मिलेगी और टीवीके को अनुभवी साथी। तमिलनाडु के लोग अब इस गठबंधन के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। क्या थलपति विजय और कांग्रेस मिलकर नया इतिहास रचेंगे?