कोटद्वार (उत्तराखंड): उत्तराखंड के कोटद्वार में पिछले कुछ दिनों से जारी तनाव अब कानूनी और राजनीतिक रंग ले चुका है। एक मुस्लिम दुकानदार के पक्ष में खड़े होकर अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बताने वाले जिम संचालक दीपक कुमार अब सुर्खियों में हैं। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस ने अब तक तीन अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। दीपक कुमार हौसला नहीं हारे हैं और पूरी ताकत से हिन्दू-मुस्लिम विवाद खड़ा करने वालों का मुकाबला कर रहे हैं। उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड से पुष्कर सिंह धामी की सरकार हिली हुई थी, तमाम नेताओं के नाम आ रहे थे। लेकिन कोटद्वार का यह मामला सामने आने के बाद अंकिता भंडारी का मामला दब गया है। बीजेपी कोटद्वार घटना की निन्दा करने को तैयार नहीं है, जबकि दीपक कुमार के साथ पूरा सोशल मीडिया खड़ा हो गया है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब दक्षिणपंथी संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 'बाबा स्कूल ड्रेस' नामक दुकान के नाम पर आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों का तर्क था कि 'बाबा' नाम से कोटद्वार के प्रसिद्ध सिद्धबली बाबा मंदिर के भक्तों में भ्रम पैदा हो सकता है, इसलिए मुस्लिम दुकानदार को अपनी दुकान का नाम बदलना चाहिए।
जब भीड़ 70 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार वकील अहमद (मोहम्मद शोएब की दुकान) को धमका रही थी, तब वहीं पास में जिम चलाने वाले 46 वर्षीय दीपक कुमार बीच-बचाव करने पहुँच गए।
ताज़ा ख़बरें

'मोहम्मद दीपक' और वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दीपक कुमार भीड़ से लोहा लेते नजर आ रहे हैं। जब भीड़ ने उनकी पहचान पूछी, तो उन्होंने करारा जवाब देते हुए कहा- "मेरा नाम मोहम्मद दीपक है!"
बाद में दीपक ने स्पष्ट किया कि उन्होंने एकजुटता दिखाने के लिए अपने नाम के आगे 'मोहम्मद' जोड़ा था। उन्होंने कहा: "मैं यह दिखाना चाहता था कि हम सब एक हैं। मैं न हिंदू हूँ, न मुस्लिम, न सिख, न ईसाई; मैं सबसे पहले एक इंसान हूँ।"

पुलिस की कार्रवाई: तीन केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन FIR दर्ज की हैं:

  • अज्ञात प्रदर्शनकारियों पर: सड़क जाम करने, नारेबाजी और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के आरोप में 30-40 अज्ञात लोगों (बजरंग दल से जुड़े) के खिलाफ मामला।

  • वकील अहमद की शिकायत पर: दुकान पर मौजूद बुजुर्ग की शिकायत पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का केस।

  • दीपक कुमार के खिलाफ: स्थानीय निवासी कमल प्रसाद की शिकायत पर दीपक और उनके साथियों के खिलाफ भी धमकी देने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला दर्ज किया गया है।

राहुल गांधी ने बताया 'हीरो'

इस घटना ने अब राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर दीपक कुमार की सराहना करते हुए उन्हें 'भारत का हीरो' बताया। गांधी ने लिखा कि दीपक संविधान और मानवता की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असामाजिक तत्वों का साथ दे रही है। इसी तरह अन्य विपक्षी दलों ने भी दीपक कुमार की तारीफ की है। बीजेपी ने अभी तक कोटद्वार घटना में बजरंग दल के करतूत की निन्दा नहीं की है। बीजेपी के नेता इस सवाल से बच रहे हैं कि बजरंग दल किस हैसियत से किसी दुकान का नाम बदलवा सकते हैं और फिर ऐसे अपराधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई क्यों कर रही है।

कोटद्वार में पुलिस का फ्लैग मार्च

1 फरवरी रविवार को पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। दीपक कुमार का कहना है कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं, लेकिन वे अपने स्टैंड पर कायम हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, "देश को प्यार की जरूरत है, नफरत की नहीं। आप जितनी चाहें नफरत फैला लें, लेकिन प्यार बांटना बहुत बड़ी बात है।"