पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले की फल्टा (डायमंड हार्बर) सीट पर ईवीएम टैम्परिंग का गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा ने रिपोल की मांग की है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने स्पष्ट कहा है कि अगर कोई बटन टेप से बंद पाया गया तो प्रभावित बूथों पर रिपोल कराया जाएगा। हालांकि टीएमसी ने इससे ज्यादा गंभीर शिकायतें चुनाव आयोग से की हैं लेकिन आयोग ने उस पर कोई ध्यान नहीं दिया। हिंसा की शिकायतें भी टीएमसी ने भी की हैं, लेकिन उन पर भी आयोग ने कोई ध्यान नहीं दिया।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा, “अगर किसी बटन पर टेप चिपकाने की शिकायत आती है तो उसे ग्राउंड पर वेरिफाई किया जाएगा। अगर यह सही पाया गया तो उन बूथों पर रिपोल कराया जाएगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी शिकायतों की जांच की जाएगी।

भाजपा का आरोप और ‘डायमंड हार्बर मॉडल’

भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर वीडियो शेयर कर आरोप लगाया कि फल्टा के कई मतदान केंद्रों पर भाजपा के विकल्प वाले बटन पर टेप चिपका दिया गया था, जिससे मतदाता भाजपा को वोट नहीं दे पा रहे थे। मालवीय ने इसे “डायमंड हार्बर मॉडल” करार दिया और लिखा: “यह वही है जिसका बचाव ममता बनर्जी कर रही थीं जब उन्होंने जहांगीर खान (जो फल्टा से टीएमसी टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं) के समर्थन में मैदान में उतरी थीं। कई बूथों पर भाजपा का विकल्प टेप से ब्लॉक कर दिया गया।” भाजपा ने फल्टा में मतदान बाधित करने का आरोप लगाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत रिपोल की मांग की है। इसी के बाद बंगाल के सीईओ का बयान आया।
ताज़ा ख़बरें

फल्टा और डायमंड हार्बर का चुनावी संदर्भ

फल्टा सीट डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। डायमंड हार्बर विधानसभा सीट पर भाजपा के दीपक कुमार हल्दार और टीएमसी के मौजूदा विधायक पन्ना लाल हल्दार के बीच मुकाबला है। पिछली बार पन्ना लाल हल्दार ने 16,996 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। जहांगीर खान (टीएमसी उम्मीदवार, अभिषेक बनर्जी के सहयोगी माने जाते हैं) का नाम इस विवाद में प्रमुखता से लिया जा रहा है।
दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। दोपहर 1 बजे तक कुल मतदान 61% पहुंच गया। सबसे अधिक मतदान पूर्वी बर्धमान और हुगली में हुआ। इसी तरह कोलकाता नॉर्थ और कोलकाता साउथ में भी भारी वोटिंग हो रही है। राज्य में कुल 3.21 करोड़ मतदाता (1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर) इस चरण में वोट डाल रहे हैं। मतगणना 4 मई को होगी।
फाल्टा विवाद दूसरे चरण के मतदान के दौरान सामने आया है। भाजपा ने फल्टा में मतदाताओं को भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालने से रोके जाने का आरोप लगाया है। चुनाव आयोग के अधिकारी घटनास्थल पर जांच कर रहे हैं।अभी तक टीएमसी या अन्य पार्टियों की तरफ से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।