बंगाल चुनाव में आरोपों का दौर जारी है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा पर गुंडागर्दी, आतंकवाद और धांधली का आरोप लगाया। भाजपा ने जहांगीर खान के फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में ईवीएम से कथित छेड़छाड़ के चलते पुनर्निर्वाचन की मांग की है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव लूटने की कोशिश कर रही है, उसके कार्यकर्ता TMC कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं और राज्य में गुंडागर्दी तथा आतंकवाद फैला रहे हैं। इसी बीच TMC उम्मीदवार जहांगीर खान के गढ़ फलता (दक्षिण 24 परगना) में EVM में कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जिस पर BJP ने दोबारा मतदान (रिपोल) की मांग की है।
ममता बनर्जी ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “वे चुनाव रिग करना चाहते हैं। देखिए, हमारे कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। यह कैसी गुंडागर्दी है? मतदान इस तरह नहीं होता, मतदान शांतिपूर्ण होता है।” उन्होंने एक वीडियो/फोटो दिखाते हुए यह आरोप लगाया। ममता ने आगे कहा कि भाजपा “लोकतंत्र के त्योहार” को पूरी तरह बर्बाद कर रही है। TMC कार्यकर्ता और लोग मरने को तैयार हैं, लेकिन जगह नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कि केंद्रीय सुरक्षा बल वही कर रहे हैं, जो बीजेपी कह रही है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्य में बाहर से “ऑब्जर्वर” बुलाए हैं, जो “आतंकवाद” कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “बहुत सारे ऑब्जर्वर बाहर से आए हैं। भाजपा जो कहती है, वे वही कर रहे हैं। वोट मतदाता डालेंगे, न कि पुलिस या सुरक्षा बल।” ममता ने यह भी दावा किया कि उनके सभी पोस्टर पहले ही हटा दिए गए थे और बाहर से आए लोग मनमानी कर रहे हैं।
यह आरोप एक दिन पहले उस घटना के बाद आए हैं, जब उत्तर प्रदेश के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा (जिन्हें ‘सिंघम’ के नाम से जाना जाता है) को दक्षिण 24 परगना जिले का पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा गया। शर्मा ने TMC उम्मीदवार जहांगीर खान के समर्थकों को मतदाताओं को धमकाने से चेतावनी दी थी, जिससे राजनीतिक तनाव बढ़ गया। BJP और चुनाव आयोग ने इसे “निष्पक्ष मतदान” सुनिश्चित करने का कदम बताया, जबकि TMC और सपा नेता अखिलेश यादव ने इसे “वोटरों को डराने” की साजिश करार दिया।
फलता में बीजेपी ने EVM टेम्परिंग का आरोप लगाया
दूसरी ओर, फलता विधानसभा क्षेत्र (डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र, जहां अभिषेक बनर्जी सांसद हैं) में BJP उम्मीदवार देबांगशु पांडा ने EVM छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। BJP नेता अमित मालवीय ने X पर वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि जहांगीर खान के गढ़ में कई बूथों पर BJP और CPM उम्मीदवारों के बटन पर टेप चिपका दिया गया था, जिससे वोटर उनके पक्ष में वोट नहीं डाल पा रहे थे।
मालवीय ने इसे “डायमंड हार्बर मॉडल” बताया और कहा कि यही तरीका अभिषेक बनर्जी की जीत में काम आया था। BJP ने बूथ नंबर 144, 170 और 189 का जिक्र किया। पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि अगर टेपिंग की पुष्टि हुई तो प्रभावित बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि शिकायत के बाद EVM सामान्य रूप से काम कर रही हैं। जहांगीर खान अभी पार्टी कार्यालय में हैं और बाहर नहीं निकले।
पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद दूसरे चरण में राज्य की 294 में से 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। मतों की गिनती 4 मई को होगी।
TMC और BJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला पश्चिम बंगाल चुनाव को और तीखा बना रहा है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर हिंसा और अनियमितताओं का आरोप लगा रही हैं, जबकि चुनाव आयोग निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का दावा कर रहा है।