West Bengal Elections: दूसरे चरण के मतदान से पहले ममता बनर्जी ने बीजेपी को चेतावनी दी—‘बंगाल पहले, फिर दिल्ली’। इस पर अमित शाह का क्या जवाब आया? पढ़िए रिपोर्ट।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल में जीत के बाद उनका अगला लक्ष्य दिल्ली होगा। ममता ने कहा, 'बंगाल जीतने के बाद मैं दिल्ली पर कब्जा कर लूंगी… बंगाल में बीजेपी का सफाया तो तय है, दिल्ली से भी बीजेपी को हटाना होगा।'
'बीजेपी के लिए काम करने वालों के नाम लिख लिए'
कोलकाता में चौउरंगी इलाके में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा, 'जो लोग बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं, उनके नाम मेरे पास लिखे हुए हैं। आपने बीजेपी बैकग्राउंड वाले लोगों को लाकर अधिकारी बना दिया है। याद रखिए, आप हमें हरा नहीं सकते। हम अन्याय के ख़िलाफ़ लड़ते हैं, अपने अधिकारों के लिए लड़ते हैं। मैं बंगाल में पैदा हुई हूं और बंगाल में ही आखिरी सांस लूंगी।' ममता बनर्जी चौउरंगी सीट से अपनी पार्टी की उम्मीदवार नयना बंदोपाध्याय के समर्थन में रैली कर रही थीं, जिनका मुकाबला बीजेपी के संतोष पाठक से है।
ममता ने आगे कहा, 'मैं सत्ता नहीं चाहती, मैं दिल्ली में बीजेपी का पूरी तरह सफाया चाहती हूं। इसके लिए मैं सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट करूंगी। बंगाल में तो बीजेपी का विनाश तय है, दिल्ली से भी उन्हें बाहर करना होगा।'
अमित शाह का मजाकिया जवाब
ममता के इस बयान पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हंसते हुए जवाब दिया। कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाह ने कहा, 'यहां तो कुछ बचा ही नहीं है। वो दिल्ली कैसे आएंगी? क्या कहूं मैं?' शाह का इशारा था कि पश्चिम बंगाल में ममता और टीएमसी के लिए कुछ नहीं बचा है।झालमुड़ी पर ममता का तंज
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारग्राम में झालमुड़ी खाने वाले कार्यक्रम को भी ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि यह पहले से प्लान किया गया था। दुकान में पहले से कैमरा और सीसीटीवी लगाए गए थे। झालमुड़ी घर पर बनाकर लाई गई थी और दुकानदार को सिर्फ 10 रुपये दिए गए। ममता ने कहा, 'मैं तो पैसे भी साथ नहीं रखती।' उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा,वे कहते हैं कि जीतने पर झालमुड़ी खाएंगे, मैं कहती हूं कि दिल्ली से भेलपुरी खिलाऊंगी। पहले ‘चायवाला’ इमेज, अब झालमुड़ी से वोट मांग रहे हैं। ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
ममता ने कहा, 'हम तीखी झालमुड़ी खाते हैं, लेकिन क्या आपने मछली या चिकन करी चखी है? मैं ढोकला, डोसा, लिट्टी, ठेकुआ, सत्तू खाती हूं। ईद पर सेवई और हलवा भी खाती हूं। मुझे धर्म पर लेक्चर मत दीजिए।'
पहले चरण का मतदान और रिकॉर्ड मतदान
चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ। इसमें रिकॉर्ड 92.8 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जिसमें कोलकाता समेत आसपास की 142 सीटें शामिल हैं। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
पश्चिम बंगाल से और ख़बरें
अमित शाह ने पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान को 'बदलाव की लहर' बताया। उन्होंने टीएमसी के को चेतावनी दी कि दूसरे चरण में भी अगर टीएमसी के 'गुंडे' बाहर निकले तो 'उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा'। शाह ने दावा किया कि बीजेपी पहले चरण की 152 सीटों में से 110 से ज़्यादा जीत सकती है।
ममता बनर्जी ने पूछा, 'क्या उन्होंने ईवीएम पहले से फिक्स कर ली है? वरना वे नतीजे को लेकर इतना भरोसा कैसे जता रहे हैं?' उन्होंने कहा कि यह चुनाव बंगाल के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
मोदी और शाह का पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीएमसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी झालमुड़ी ने टीएमसी को तीखा झटका दिया है। मोदी ने मतुआ और नामशूद्र समुदाय को सीएए के तहत नागरिकता देने का वादा दोहराया और कहा कि 4 मई को बंगाल में जीत की मिठाई बंटेगी और झालमुड़ी भी बंटेगी।
चुनावी माहौल काफी गर्म है। दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। अब सबकी नजर 29 अप्रैल के दूसरे चरण के मतदान और 4 मई के नतीजों पर है।