डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि व्हाइट हाउस डिनर में गोलीबारी की यह घटना उन्हें ईरान के साथ जारी युद्ध में जीत हासिल करने से नहीं रोक पाएगी। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सुरक्षा संबंधी इस ख़तरे के बावजूद उनका प्रशासन अपने लक्ष्यों पर पूरी तरह केंद्रित है। तो क्या व्हाइट हाउस डिनर में गोलीबारी का क्या ईरान से कोई लिंक है? खुद ट्रंप ने इस पर क्या कहा है?

इस सवाल का जवाब जानने से पहले यह जान लीजिए कि घटना क्या हुई है और ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या क्या कहा है। दरअसल, शनिवार रात को वाशिंगटन डीसी में एक होटल के बॉलरूम के बाहर सुरक्षा चेकपॉइंट पर एक व्यक्ति ने कई हथियारों के साथ धावा बोल दिया। सिक्रेट सर्विस के जवानों ने तुरंत कार्रवाई की और उसे रोक लिया। इस दौरान एक सिक्रेट सर्विस एजेंट को गोली लगी, लेकिन उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट ने उन्हें बचा लिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप और ट्रंप के कैबिनेट मंत्रियों को सुरक्षित निकाला गया। कोई भी घायल नहीं हुआ और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।

हमलावार 'लोन वुल्फ एक्टर'?

इस घटना के कुछ देर बाद ही ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ट्रंप ने संकेत दिया है कि व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन के सालाना डिनर में हुई गोलीबारी की घटना का ईरान से कोई संबंध नहीं है। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया, 'डोंट थिंक सो'। यानी 'मुझे ऐसा नहीं लगता'। उन्होंने हमलावर को 'प्रोबेबली ए लोन शूटर' और 'लोन वुल्फ एक्टर' बताया। यानी उनका कहना है कि हमलावर 'संभवत: अकेला हमलावर' था।
ताज़ा ख़बरें
राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, 'यह बहुत अप्रत्याशित था, लेकिन सिक्रेट सर्विस और कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने बहुत बहादुरी से काम किया। एक आदमी ने कई हथियारों के साथ सुरक्षा चेकपॉइंट पर चार्ज किया और सिक्रेट सर्विस के बहादुर सदस्यों ने उसे गिरा दिया।'
ट्रंप ने बताया कि हमलावर कैलिफोर्निया का 31 वर्षीय कोल तोमास एलन है, जो टोरेंस शहर का रहने वाला है। उसे मौके पर ही काबू में ले लिया गया। घटना के कुछ देर बाद ट्रंप ने अपनी ट्रूथ सोशल पोस्ट पर लिखा था कि 'शूटर को पकड़ लिया गया है'।

क्या ट्रंप निशाने पर थे?

जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या राष्ट्रपति ट्रंप खुद हमले का निशाना थे, तो उन्होंने जवाब दिया, 'मुझे लगता है।' उन्होंने कहा कि जांचकर्ता अभी उसका मक़सद पता कर रहे हैं। ट्रंप ने जोड़ा, 'वे सोचते हैं कि वह अकेला शूटर था और मुझे भी यही लगता है। लेकिन पूरी जांच के बाद सही जानकारी सामने आएगी।'

हमले के बाद ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को स्टेज से बहुत तेजी से सुरक्षित जगह ले जाया गया। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और अन्य बड़े नेता भी वहाँ मौजूद थे और उन्हें भी निकाल लिया गया।

सिक्रेट सर्विस एजेंट सुरक्षित

ट्रंप ने बताया कि एक सिक्रेट सर्विस अधिकारी को बहुत करीब से एक शक्तिशाली बंदूक से गोली मारी गई, लेकिन उनकी बुलेटप्रूफ वेस्ट ने काम कर दिया। अधिकारी सुरक्षित हैं और उनका मनोबल ऊंचा है। एफबीआई के एक अधिकारी ने भी पहले कहा था कि एजेंट को प्रोटेक्टिव गियर में गोली लगी, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई।

सुरक्षा पर सवाल

ट्रंप ने कहा कि घटना वाली जगह बहुत सुरक्षित नहीं थी। उन्होंने हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में और मजबूत और एडवांस्ड सुरक्षा की ज़रूरत पर जोर दिया। हालाँकि, उन्होंने कहा कि वे इनडोर इवेंट्स को लेकर अपनी सोच नहीं बदलेंगे। उन्होंने अमेरिकियों से अपील की कि 'हम अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं'। उन्होंने कहा कि इस डिनर में दोनों पार्टियों (डेमोक्रेट और रिपब्लिकन) के लोग मौजूद थे।
दुनिया से और ख़बरें

जांच जारी: कार्यकारी अटॉर्नी जनरल

कार्यकारी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने कहा कि जांच चल रही है। जल्द ही आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। एफबीआई की काउंटर-टेररिज्म यूनिट जांच का नेतृत्व कर रही है। एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने बताया कि बॉलिस्टिक सबूत यानी हथियार और खोखे, गवाहों के बयान आदि की जांच की जा रही है। सर्च वारंट भी निकाले जा रहे हैं।

यह घटना व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई, जो वाशिंगटन में पत्रकारों और राजनीतिक नेताओं का बड़ा वार्षिक कार्यक्रम है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। फिलहाल कोई अन्य घायल होने की खबर नहीं है। पूरी जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी।