ईरान ने अमेरिकी लड़ाकू विमान गिराने का दावा किया है। क्या पायलट को भी पकड़ लिया गया है? जानें इस दावे की सच्चाई, संभावित असर और ताजा अपडेट।
पायलट के इजेक्ट किए जाने और यूएस सर्च अभियान का दावा। फोटो साभार: @IRGCIntelli @sentdefender
ईरान द्वारा मार गिराए गए एक अमेरिकी लड़ाकू विमान के दो में से एक क्रू को बचाने की रिपोर्ट है। एपी ने एक अमेरिकी और एक इसराइली अधिकारी के हवाले से ख़बर दी है कि ईरान में एक अमेरिकी विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया है। यह बचाव कार्य अमेरिकी सेना द्वारा चलाए गए एक खोज और बचाव अभियान के दौरान हुआ। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस बारे में जानकारी दे दी गई है, लेकिन उन्होंने इससे ज़्यादा कोई और जानकारी नहीं दी।
ईरानी मीडिया का दावा है कि यह एफ़-15ई स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान है। पायलट ने विमान के क्रैश करने से पहले खुद को इजेक्ट कर लिया और दुश्मन इलाके में उतर गया। रॉयटर्स ने पहले रिपोर्ट दी थी कि एक अमेरिकी अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि ईरान के ऊपर एक लड़ाकू विमान को मार गिराया गया था और किसी भी जीवित बचे व्यक्ति की तलाश और बचाव अभियान जारी है। एसोसिएटेड प्रेस ने भी रिपोर्ट दी है कि स्थानीय ईरानी सरकारी टीवी चैनल ने दावा किया कि एक पायलट दक्षिण-पश्चिमी ईरान के ऊपर एक विमान से इजेक्ट किया। पायलट को लेकर कई विरोधाभासी ख़बरें भी आ रही हैं। कुछ स्थानीय मीडिया में दावा किया गया है कि पायलट ईरानी सुरक्षा बलों की गिरफ्त में हो सकता है, जबकि कई टीवी चैनलों पर संदेश प्रसारित किया जा रहा है कि इन पायलटों को 'देखते ही गोली मार दो, 'इनको ईरानी सेना को सौंपने वालों को इनाम मिलेगा'।
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम न्यूज़ और कई अन्य ईरानी स्रोतों ने शुक्रवार को यह ख़बर दी। रिपोर्टों के मुताबिक़ विमान को आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स की नई एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम ने गिराया। पायलट ने इजेक्ट किया और ईरानी जमीन पर उतरा। ईरानी मीडिया में शुरू में कहा गया कि यह एफ़-35 विमान था, लेकिन बाद में जो मलबे की तस्वीरें जारी की गईं, वे एफ़-15ई स्ट्राइक ईगल से मिलती-जुलती हैं। यह विमान अमेरिकी वायुसेना का दो सदस्यों वाला- एक पायलट और वीपन सिस्टम ऑफिसर- हमला करने वाला विमान है।
बचाव अभियान की कोशिश
कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि अमेरिकी सेना को लगता था कि पायलट जिंदा है, इसलिए उन्होंने कॉम्बैट सर्च एंड रेस्क्यू अभियान चलाया। इसमें ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और हरक्यूलीस सी-130 विमान शामिल थे। लेकिन ईरानी मीडिया का दावा है कि यह बचाव अभियान असफल रहा और पायलट को ईरानी बलों ने पकड़ लिया है। अभी तक अमेरिकी सेंट्रल कमांड, पेंटागन और व्हाइट हाउस की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ईरानी टीवी ने लोगों को क्या कहा?
ईरान के कोहकिलूयेह और बोयर-अहमद प्रांत की एक स्थानीय सरकारी टीवी चैनल ने बहुत विवादास्पद ऐलान किया। पहले एंकर ने कहा, 'अगर तुम्हें कोई अमेरिकी दिखे तो जैसे ही देखो, गोली मार दो।' चैनल ने स्क्रीन पर भी मैसेज चलाया- 'जैसे ही देखो, गोली मार दो'। बाद में मैसेज बदला गया। पुलिस के हवाले से कहा गया, 'जो कोई भी दुश्मन पायलट को जिंदा पकड़कर पुलिस को सौंपेगा, उसे कीमती इनाम मिलेगा।'चैनल ने एक पिकअप ट्रक में विमान का मलबा दिखाया और इलाके में उड़ते अमेरिकी हेलीकॉप्टर, विमान और ड्रोन की तस्वीरें भी प्रसारित कीं। यह प्रांत तेहरान से करीब 500 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है। यहां का इलाका ज्यादातर पहाड़ी और ग्रामीण है।
क्या कह रहे हैं ईरानी अधिकारी?
आईआरजीसी ने कहा है कि विमान पूरी तरह नष्ट हो गया और क्रैश हो गया। शुरू में उन्होंने दावा किया था कि पायलट के बच निकलने की संभावना बहुत कम है। लेकिन तस्नीम ने बाद में रिपोर्ट दी कि पायलट इजेक्ट कर चुका था और संभवतः गिरफ्तार हो चुका है।
यह घटना पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच हुई है। ईरान पहले भी अमेरिकी विमानों को मार गिराने के दावे कर चुका है, लेकिन अमेरिका ने ज्यादातर दावों को झूठा बताया है।
अभी क्या स्थिति है?
पायलट की सही स्थिति यानी जिंदा है या नहीं, पकड़ा गया या नहीं, इस पर पुष्टि नहीं हुई है। ईरानी मीडिया लगातार तस्वीरें और वीडियो जारी कर रहा है। अमेरिकी पक्ष अभी चुप है, जो इस घटना की गंभीरता को और बढ़ा रहा है। यह घटना अगर सही साबित हुई तो अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ सकता है। दोनों तरफ से आगे की प्रतिक्रियाएं आने वाली हैं।