अमेरिका के रक्षा मंत्रालय पेंटागन में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम से 'खतरनाक मटीरियल' का अलर्ट पर अपडेट देते हुए पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि जांच में किसी भी तरह का खतरा नहीं पाया गया और कामकाज सामान्य रूप से फिर से शुरू हो गया है।
अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन में खतरनाक सामग्री होने का अलर्ट बजने से मचा हड़कंप तब शांत हुआ जब घंटों की जाँच के बाद कहा गया कि अलार्म ग़लती से बज गया था। इससे पहले खतरनाक सामग्री होने का अलर्ट बजने के बाद पेंटागन के कई फ्लोर और गलियारों को तुरंत बंद कर दिया गया था और वहां मौजूद लोगों को शेल्टर-इन-प्लेस यानी अपनी जगह पर सुरक्षित रहने का आदेश दे दिया गया था।
पेंटागन दुनिया का सबसे सुरक्षित और संवेदनशील सरकारी भवन माना जाता है। यहां किसी भी तरह की हवा या केमिकल संबंधी समस्या गंभीर मानी जाती है, इसलिए तुरंत बड़े पैमाने पर सुरक्षा उपाय किए गए।
कोई ख़तरा नहीं पाया: पेंटागन प्रवक्ता
पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'आज सुबह पेंटागन में मौजूद लोगों को हवा की गुणवत्ता से जुड़ी संभावित समस्या के बारे में बताया गया, जिसके बाद तुरंत एहतियाती सुरक्षा उपाय किए गए और स्थिति की जांच की गई। बाद की जांच में किसी भी तरह का खतरा नहीं पाया गया और कामकाज सामान्य रूप से फिर से शुरू हो गया है। हम सभी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कार्रवाई करने वाले बचाव कर्मियों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं।'इससे पहले खतरनाक सामग्री होने का अलर्ट बजने के तुरंत बाद पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सीएनएन को बताया था कि पेंटागन के सिस्टम ने हवा की गुणवत्ता में समस्या का पता लगाया। इसलिए सावधानी के तौर पर ज़रूरी क़दम उठाए गए। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाके में शेल्टर-इन-प्लेस का आदेश जारी किया गया और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी थी कि पेंटागन के दूसरे से पांचवें फ्लोर तक और चौथे से सातवें कॉरिडोर को पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी गैस मास्क और केमिकल प्रोटेक्टिव गियर पहने हुए दिखे।
पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन सक्रिय हुई
घटना के बाद पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन एजेंसी की हेजमैट यानी Hazardous Materials की टीम सक्रिय हुई थी। आर्लिंगटन काउंटी फायर डिपार्टमेंट की टीम ने भी मदद की। आर्लिंगटन फायर और ईएमएस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनकी हेजमैट टीम ने पेंटागन में खतरनाक सामग्री की घटना पर काम किया।पेंटागन की सुरक्षा टीम ने पहले एक मैसेज में कहा था, 'हवा की गुणवत्ता में समस्या का पता चला। अतिरिक्त टेस्टिंग चल रही है, जिसमें कुछ घंटे लग सकते हैं। रेस्पॉन्स टीम तैयार है।' मैसेज में आगे कहा गया था कि सेंट्रल कोर्टयार्ड में कई एजेंसियों के कर्मचारी दिख सकते हैं। इसने लोगों से अपील की थी कि वे घबराएं नहीं और सामान्य गतिविधियों को जारी रखें।
घटना में किसी के घायल होने या किसी बड़े खतरे की कोई पुष्टि नहीं हुई। यह पूरी घटना सावधानी के तौर पर देखी जा रही है। अधिकारियों ने हवा के सैंपल की जाँच की कि असल में क्या समस्या है- केमिकल लीक, धुआं या कोई और खतरनाक पदार्थ। बाद की जाँच में कुछ नहीं पाया गया और फिर पेंटागन में कामकाम सामान्य रूप से बहाल हो गया।