ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बाद उनके अंतिम संस्कार से पहले ही इसराइल ने बुधवार 4 मार्च को कहा कि उनके किसी भी उत्तराधिकारी को “हत्या का टारगेट” माना जाएगा। इसराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों में 28 मार्च को ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई मारे गए थे। इसराइल और अमेरिका लंबे समय से ईरान के कथित परमाणु कार्यक्रम का विरोध करते रहे हैं। लेकिन अब जब उनकी हत्या हो चुकी है, अमेरिका और इसराइल ईरान के परमाणु कार्यक्रम के संबंध में कोई सबूत पेश नहीं कर सके।
ईरानी समाचार एजेंसी इरना ने बताया कि ईरान खामेनेई के लिए तीन दिन का राजकीय शोक और अंतिम संस्कार आयोजित करेगा।
इस्लामिक डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन काउंसिल के बयान का हवाला देते हुए इरना ने कहा, “आज (बुधवार) रात 10:00 बजे (1830 GMT) से श्रद्धालु तेहरान स्थित इमाम खुमैनी ग्रैंड मस्जिद में देश के शहीद रहबर के पार्थिव शरीर को अंतिम श्रद्धांजलि दे सकेंगे।” 86 वर्षीय खामेनेई को ईरान में उनके गृह नगर मशहद में दफनाया जाएगा। वहां भी तैयारियां जारी हैं।
अंतिम संस्कार से पहले और खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई के संभावित उत्तराधिकारी बनने की खबरों के बीच, इसराइल के रक्षा मंत्री इज़राइल कैट्ज़ ने बुधवार को चेतावनी दी कि खामेनेई के बाद चुने जाने वाले किसी भी ईरानी नेता की हत्या की जा सकती है। हालांकि मुजतबा खामेनेई को पश्चिमी मीडिया ने ही अगला उत्तराधिकारी घोषित किया है। लेकिन ईरान में ऐसा कोई समाचार किसी भी एजेंसी ने फ्लैश नहीं किया है। ईरान में अगला सुप्रीम लीडर चुनने के लिए जूरी काउंसिल लगातार बैठकें कर रहा है। अंतरिम सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह आरफी फिलहाल सारा काम देख रहे हैं। 
ताज़ा ख़बरें
कैट्ज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “ईरानी आतंकवादी शासन द्वारा इसराइल के विनाश की योजना जारी रखने, अमेरिका, मुक्त विश्व और क्षेत्र के देशों को धमकी देने तथा ईरानी जनता को दबाने के लिए चुना गया कोई भी नेता, उसका नाम या ठिकाना चाहे जो हो, निश्चित रूप से हमारा टारगेट होगा।”
कैट्ज़ ने कहा कि उत्तराधिकारी का नाम या उसका छिपने का स्थान मायने नहीं रखता। उन्होंने X पर लिखा, “प्रधानमंत्री और मैंने आईडीएफ को निर्देश दिया है कि ‘ऑपरेशन लायन’स रोअर’ के उद्देश्यों के अभिन्न हिस्से के रूप में इस मिशन को पूरा करने के लिए हर संभव तैयारी और कार्रवाई करे।”
उन्होंने कहा, “हम अपने अमेरिकी पार्टनरों के साथ पूरी ताकत से कार्रवाई जारी रखेंगे ताकि शासन की क्षमताओं को कुचल सकें और ईरानी जनता को उसे उखाड़ फेंकने तथा बदलने की परिस्थितियां बना सकें।” इस बीच, वरिष्ठ इसराइली अधिकारियों ने Ynet न्यूज को बताया कि विशेषज्ञों की परिषद जल्द ही औपचारिक रूप से मुजतबा खामेनेई को उत्तराधिकारी घोषित कर सकती है। हालांकि, ईरान के आधिकारिक सरकारी मीडिया से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

ट्रंप ने विश्वासघात किया हैः ईरान के विदेश मंत्री अराघची

ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने कूटनीति और उन्हें चुनने वाले अमेरिकियों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, “जब जटिल परमाणु वार्ता को संपत्ति के सौदे की तरह समझा जाता है, और जब बड़े-बड़े झूठ वास्तविकता को छिपा देते हैं, तो अवास्तविक उम्मीदें कभी पूरी नहीं हो सकतीं।” उन्होंने आगे कहा, “इसका परिणाम? बदले की भावना से बातचीत की मेज पर बमबारी।”

ईरान के न्यायपालिका प्रमुख की चेतावनी

ईरान के न्यायपालिका प्रमुख ने जनता को अमेरिका और इसराइल के साथ किसी भी तरह का सहयोग न करने की चेतावनी दी है।
ईरान के न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैनी मोहसनी एजेहे ने लोगों को देश के खिलाफ अमेरिका-इसराइल युद्ध के समर्थन में कुछ भी न कहने और न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि "जो भी अमेरिका और ज़ायोनी शासन की इच्छा के अनुरूप कुछ भी कहता या करता है, वह दुश्मन के पक्ष में है और उसके साथ क्रांतिकारी, इस्लामी सिद्धांतों और युद्ध के समय के अनुसार निपटा जाना चाहिए।"