कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके क्या कल दिल्ली में प्रदर्शन कर पाएंगे। वो अमेरिका से दिल्ली के लिए चल चुके हैं। सीजेपी के प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस अभी मौन है। CJP founder Abhijeet Deepke returns India for Delhi Protest against NEET Paper Leak issue.
NEET पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके अमेरिका (US) से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। भारत रवाना होने से ठीक पहले दिपके ने सोशल मीडिया पर कहा कि अब उनका "भाग्य संविधान के हाथों में है।"
इसी बीच, प्रदर्शन से दो दिन पहले गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने समर्थकों से एक विशेष अपील की है। पार्टी ने समर्थकों से कहा है कि वे 6 जून को अभिजीत दिपके के स्वागत के लिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर इकट्ठा न हों।
एयरपोर्ट पर जुटने की योजना क्यों बदली?
इससे पहले अभिजीत दिपके ने खुद अपने समर्थकों को 6 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पर मिलने का न्योता दिया था। हालांकि, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जारी एक बयान में CJP ने बताया कि इस अपील को उम्मीद से कहीं अधिक जनसमर्थन मिला है, जो उनकी कल्पना से परे था।पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि इतनी बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पर जमा होते हैं, तो इससे हवाई अड्डे के कामकाज में बाधा आ सकती है और आम यात्रियों के साथ-साथ सुरक्षा बलों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इसी वजह से CJP ने अपने फैसले को बदलते हुए समर्थकों से अपील की, "कृपया दिल्ली एयरपोर्ट न आएं।"
खुद पुलिस स्टेशन जाकर मांगेंगे इजाजत
अभिजीत दिपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनका यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानूनी दायरे में होना चाहिए। उन्होंने कहा: "हम कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं। हमारे विरोधी इस आंदोलन को खारिज करने या बदनाम करने का कोई भी मौका तलाश रहे हैं, और हमें उन्हें ऐसा कोई मौका नहीं देना चाहिए।"एयरपोर्ट जाने के बजाय, दिपके दिल्ली पहुंचते ही सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे और 6 जून के जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए व्यक्तिगत रूप से पुलिस से अनुमति (क्लियरेंस) मांगेंगे।
आंदोलन की रणनीति और पुलिस क्लीयरेंस पर सस्पेंस
6 जून के इस प्रदर्शन को पुलिस की मंजूरी मिलेगी या नहीं, इसे लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। CJP की नवनियुक्त प्रवक्ता विजेता दहिया ने इस फैसले को संगठन की रणनीति का हिस्सा बताया है। विजेता दहिया ने मीडिया से बातचीत में कहा: "यह प्रदर्शन जनता की भावनाओं से प्रेरित है और लोग फिलहाल अभिजीत से गहराई से जुड़े हुए हैं। इसी वजह से हमने यह तय किया है कि अभिजीत 6 जून को खुद व्यक्तिगत रूप से पुलिस स्टेशन जाकर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे।"पार्टी ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने की अनुमति जरूर देगा।