आज मंगलवार 16 जून को नागपुर में प्रदर्शन के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा- पीएम मोदी दुनिया भर में कुछ भी होने पर तुरंत ट्वीट करते हैं, लेकिन देश के छात्र खुदकुशी कर रहे हैं और उनके लिए एक शोक ट्वीट तक नहीं आता।
सीजेपी संस्था अभिजीत दीपके
नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले को लेकर देश भर में जारी छात्रों के गुस्से के बीच, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नागपुर में मंगलवार 16 जून को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिपके ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं है और न लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर छात्रों से संवाद न करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर तीखा हमला बोला है।
'चुनाव लड़ना कितना ज़रूरी?'
जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिजीत दिपके से पूछा गया कि क्या उनकी 'कॉकरोच जनता पार्टी' भविष्य में चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने जवाब दिया, "हम चुनाव क्यों लड़ें? मेरा मतलब है, अगर इस देश में हर किसी को अपने अधिकारों की मांग करने के लिए चुनाव ही लड़ना पड़े... तो व्यवस्था कैसे चलेगी?"पीएम मोदी छात्रों के मन की बात तो सुनेंः दिपके
अभिजीत दिपके ने पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों की आत्महत्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 3 मई को होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के रद्द होने और इसमें हुई धांधली के बाद कथित तौर पर पांच से छह छात्रों ने आत्महत्या कर ली है।दिपके ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा: "प्रधानमंत्री जी दुनिया भर में कुछ भी होने पर तुरंत ट्वीट करते हैं, लेकिन यहां देश के छात्र खुदकुशी कर रहे हैं और उनके लिए प्रधानमंत्री की तरफ से एक शोक ट्वीट तक नहीं आता। आप कब तक सिर्फ अपने 'मन की बात' और 'परीक्षा पे चर्चा' करते रहेंगे? कम से कम एक बार छात्रों के 'मन की बात' भी सुन लीजिए।"
उन्होंने आगे कहा कि यदि प्रधानमंत्री सीधे छात्रों से बातचीत करें, तो वे उनकी वास्तविक समस्याओं को समझ पाएंगे और उनका समाधान खोज सकेंगे।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े
CJP संस्थापक ने साफ किया कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उनका देशव्यापी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन नहीं रुकेगा। उन्होंने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए सीबीएसई (CBSE) के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम में हुई कथित अनियमितताओं के लिए सीधे तौर पर शिक्षा मंत्री को जिम्मेदार ठहराया।दिपके ने कहा, "एक करोड़ से अधिक छात्र इस समय अन्याय का सामना कर रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। वे हमारे ऊपर चाहे जितने हमले करवा लें, हम अपने मुख्य मुद्दे से पीछे नहीं हटेंगे। हमारा विरोध प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।"
आरएसएस का कितना हाथः अभिजीत दिपके और जयपुर में कथित तौर पर हमला करने वाला
जयपुर में हुए हमले पर क्या बोले अभिजीत
15 जून को जयपुर में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान जब समर्थक अभिजीत दिपके को अपने कंधों पर उठाए हुए थे, तब दो अज्ञात युवकों ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में भी लिया है। इस हमले के पीछे किसका हाथ हो सकता है, इस सवाल पर दिपके ने खुलकर आरोप लगाया कि वे लोग आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) से जुड़े थे। उन्होंने कहा, "इसमें कुछ भी नया नहीं है। जब भी कोई सरकार या उनकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है, तो वे (आरएसएस के लोग) इसी तरह की हरकतें करते हैं।" हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की डराने-धमकाने की तरकीबों से वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।