सीजेपी का कल रविवार को कैंडल मार्च

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने रविवार, 26 जुलाई को देशव्यापी कैंडल मार्च का आह्वान किया है। X पर एक पोस्ट में, पार्टी ने देश भर के समर्थकों से शाम 6 बजे शुरू होने वाले इस मार्च में शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस पार्टी ने आज शनिवार को छात्रों के आंदोलन के समर्थन में देशव्यापी कैंडल मार्च और सत्याग्रह का आह्वान किया है।

जंतर मंतर पर ताज़ा हालात

जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह के आस-पास सुरक्षा कड़ी है और संसद मार्ग व जनपथ की तरफ से आने वाले रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शनकारियों को अंदर आने तो दिया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है। दोपहर करीब 12 बजे थोड़ी झड़प हुई, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की तरफ बोतलें फेंकीं। CJP के वॉलंटियर्स और निहंग सिख समूहों ने बीच-बचाव करके स्थिति को तुरंत काबू में किया और मामले को बढ़ने से रोका। इस बीच, विरोध प्रदर्शन के मंच से बार-बार घोषणाएं की जा रही हैं और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है कि आंदोलन अहिंसक रहे।

खाना और वॉलंटियर्स को क्यों रोका जा रहाः सीजेपी

CJP ने शनिवार को दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि वह जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन की जगह पर खाना और वॉलंटियर्स को पहुँचने से रोक रही है। यहाँ कथित NEET पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। X पर CJP नेता आशुतोष रांका ने एक WhatsApp मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसमें आरोप लगाया गया कि पुलिस ने जंतर-मंतर से लगभग 5 किलोमीटर दूर चेकपॉइंट बनाए हैं और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्रों को हिरासत में ले रही है। रांका ने लिखा, "प्रिय दिल्ली पुलिस, आप जो चाहें करें। आप लोगों को जंतर-मंतर आने से नहीं रोक सकते। आप लोगों को खाना खाने से नहीं रोक सकते। आप लोगों को हमारी मदद करने से नहीं रोक सकते। सबसे ज़रूरी बात, आप प्रधान के इस्तीफ़े को नहीं रोक सकते। वे जा रहे हैं।"
ताज़ा ख़बरें

हिन्दू रक्षा दल को खुली छूट

दिल्ली एनसीआर में हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को कल 26 जुलाई को जंतर मंतर पहुंचने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है तस्वीरों में ऐसे एक जत्थे को गाज़ियाबाद में पिंकी चौधरी को रवाना किया गया है। इनके साथ पुलिस है। हिन्दू रक्षा दल के लोग एनसीआर के शहरों में रैली निकालकर जंतर मंतर पर बैठे छात्र आंदोलन का विरोध कर रहे हैं। एक तरह से ये जनता को भी उकसा रहे हैं। इनके उत्तेजक नारों को वीडियो में सुना जा सकता है। जहां हिन्दू रक्षा दल के जत्थे मार्च कर रहे हैं, वहीं युवकों को जंतर मंतर जाने से रोका जा रहा है। जंतर मंतर से आने वालों को पकड़ा जा रहा है।
इससे पहले पिंकी चौधरी ने 23 जुलाई को भी एक वीडियो पोस्ट किया था। हिन्दू रक्षा दल के इस स्वयंभू नेता ने जंतर मंतर के आंदोलन को देशद्रोह करार दिया।  इसने जंतर मंतर पर धरना दे  रही लड़कियों पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया था।

जनता को रोका क्यों जा रहा हैः सौरव दास

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने शनिवार को दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि वह लोगों को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह तक पहुँचने से रोक रही है। X पर एक पोस्ट में दास ने लिखा, "कॉकरोच जनता पार्टी मांग करती है कि @DelhiPolice तुरंत नागरिकों को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लेना, डराना-धमकाना या जंतर-मंतर पहुँचने से रोकना बंद करे और जंतर-मंतर के आसपास डर और घेराबंदी का माहौल बनाने से बचे।"

अभिजीत दिपके को टायफाइड 

'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शनिवार को बताया कि उन्हें टायफाइड हो गया है, लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देते, तब तक उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। नेता ने एक बयान में कहा, "मुझे टायफाइड हो गया है, लेकिन जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देते, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी!"

सीजेपी की वेबसाइट लॉन्च, जनता से पुलिस बर्बता के सबूत मांगे

दिल्ली पुलिस ने कल कहा था कि उसने फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) कैमरों का इस्तेमाल करके जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल आपराधिक बैकग्राउंड वाले 2,000 से ज़्यादा लोगों की पहचान की है। इसके जवाब में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को पलटवार किया। इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि पार्टी भी उन पुलिसकर्मियों की एक लिस्ट तैयार करेगी जिन पर प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ ज़रूरत से ज़्यादा बल प्रयोग करने का आरोप है। रंका ने कहा, "हम भी दिल्ली पुलिस को उन पुलिसकर्मियों की लिस्ट देंगे जिन्होंने बच्चों के सिर फोड़े, उन्हें सड़कों पर घसीटा, हमारे वॉलंटियर्स की पसलियां तोड़ीं और युवा लड़कियों को थप्पड़ मारे। हम उनकी पहचान FRS से नहीं, बल्कि जनता के ज़रिए करेंगे। हम इसे सार्वजनिक करेंगे। देखते हैं कि दिल्ली पुलिस इस पर क्या कहती है।" सीजेपी ने एक वेबसाइट लॉन्च की है, जिस पर जनता से भी इस संबंध में जानकारी मांगी है।