एमएलसी चुनाव के नतीजे आज अभी भी आ रहे हैं। लेकिन यूपी के वाराणसी से सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नतीजा आया है। वहां पीएम मोदी के गढ़ में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने बीजेपी को हराकर चुनाव जीता है।
देश के चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। 28 सीटों पर हुई मतगणना के बीच उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीजेपी को बड़ा झटका दिया है। वहीं बिहार में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार की हार ने सबको चौंका दिया है।
उत्तर प्रदेश में बीजेपी और सपा के बीच कई सीटों पर कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। गोरखपुर में धांधली का आरोप लगाते हुए सपा ने मतगणना का बहिष्कार किया है। बिहार में भी शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजों में कई दिलचस्प समीकरण सामने आए हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे शुरू हुई थी और कुछ सीटों पर परिणाम तथा मतगणना की प्रक्रिया 28 अक्टूबर को भी जारी है।
वाराणसी में सपा की जीत, मेरठ में बीजेपी
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतगणना के दौरान बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लाल बिहारी यादव ने बीजेपी के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को हराकर जीत दर्ज की। लाल बिहारी यादव को 10,958 वोट मिले, जबकि बीजेपी उम्मीदवार को 6,060 वोट हासिल हुए। इस तरह सपा उम्मीदवार ने 4,898 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। यहां सपा की जीत को बीजेपी के लिए राजनीतिक झटका माना जा रहा है।मेरठ में बीजेपी ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, दोनों सीटों पर जीत दर्ज की। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्रीचंद शर्मा ने 13,599 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिनेश गोयल ने करीब 12,800 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। बीजेपी ने मेरठ की दोनों सीटों पर अपना दबदबा कायम रखा।
यूपी में कई जगह धांधली का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में एमएलसी चुनाव की मतगणना को लेकर विवाद सामने आया। समाजवादी पार्टी ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाया और मतगणना का बहिष्कार किया। बीजेपी उम्मीदवार ध्रुव कुमार त्रिपाठी गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शुरुआती दौर में आगे चल रहे थे। पहले दौर की मतगणना के बाद ध्रुव कुमार त्रिपाठी को 3,813 वोट मिले, जबकि माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के राजीव यादव को 3,703 वोट हासिल हुए। सपा उम्मीदवार संजय त्रिपाठी 2,744 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर थे। इस सीट पर मतगणना को लेकर सपा और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी रहे।
लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मतगणना में देरी का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने मतगणना केंद्र के अंदर बीजेपी समर्थकों के प्रवेश को लेकर भी सवाल उठाए। सपा ने आरोप लगाया कि मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार उमेश द्विवेदी सपा के सुशील कुमार से आगे चल रहे थे। आगरा में भी मतगणना के दौरान विवाद सामने आया। सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने पहले दौर के बाद बीजेपी उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी पर 691 वोटों की बढ़त बनाई थी।
आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी अधिकारियों पर कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया के दौरान लापरवाही और निगरानी में चूक के आरोपों पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई की। चुनाव आयोग ने छह पर्यवेक्षण अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। इसके अलावा पांच पीठासीन अधिकारियों और 16 पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। यह कार्रवाई चुनावी प्रक्रिया में लापरवाही और निगरानी में खामियों के आरोपों के बाद की गई।बिहार एमएलसी चुनाव: बीजेपी को पटना में झटका, आरजेडी की जीतः बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी, आरजेडी, जेडीयू, जन सुराज पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आरजेडी उम्मीदवार संजीव कुमार यादव ने जीत दर्ज की। इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार नवल किशोर यादव को हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नतीजे सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में भी एमएलसी चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बिहार के अन्य नतीजे
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार ने जीत दर्ज की। उन्होंने आरजेडी समर्थित उम्मीदवार अनिल झा को 237 वोटों के अंतर से हराया। सर्वेश कुमार को कुल 6,998 वोटों की मतगणना के बाद विजेता घोषित किया गया। बिहार के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत हासिल की। इस सीट पर बीजेपी और विपक्षी उम्मीदवारों के बीच मुकाबला था। इसी तरह सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के बागी उम्मीदवार राहुल राज जीत की ओर बढ़ते नजर आए। बीजेपी ने एनडीए उम्मीदवार के चयन के खिलाफ बगावत करने के बाद राहुल राज को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा।
महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव: महायुति और एमवीए के बीच मुकाबला
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए हुए चुनाव में 182 उम्मीदवार मैदान में थे। इन सीटों में तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल थे।
- पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
मतगणना के शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन तीन सीटों पर आगे था, जबकि विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। इन चुनावों में दूसरी और तीसरी वरीयता के वोट नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं।कर्नाटक एमएलसी चुनाव: कांग्रेस बनाम बीजेपी-जेडीएस गठबंधन
कर्नाटक में विधान परिषद की चार सीटों के लिए मतगणना हुई। इन चुनावों में कांग्रेस का मुकाबला बीजेपी-जेडीएस गठबंधन से था। चार निर्वाचन क्षेत्रों में बेंगलुरु शिक्षक, उत्तर-पूर्व शिक्षक, पश्चिम स्नातक और दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल थे। इन सीटों पर 17 जिलों में चुनावी मुकाबला हुआ।