पेपर लीक के भारी विवादों के बीच यह री-एग्जाम आज 21 जून को पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) मोड में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया गया। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में एक साथ हुई।
नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक विवाद के बाद रद्द हुई परीक्षा के ठीक एक महीने बाद आज रविवार 21 जून को दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) आयोजित की गई। पिछले एक महीने से मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे करीब 22.79 लाख छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए।
अभूतपूर्व सुरक्षा से क्या रुक सकेगा पेपर लीक
सीसीटीवी और एआई (AI) की निगरानी: देश भर के सभी परीक्षा केंद्रों के कुल 95,000 कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हर कमरे में दो इनविजिलेटर (निरीक्षक) तैनात रहेंगे। इन कैमरों के लाइव फीड की निगरानी केंद्रों पर मौजूद 6,700 ऑब्जर्वर्स और 100 से ज्यादा वर्चुअल ऑब्जर्वर्स करेंगे। संदिग्ध गतिविधियों को पकड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
51 हजार से ज्यादा जैमर्स: परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक धोखाधड़ी या डिवाइस के इस्तेमाल को रोकने के लिए केंद्रों पर कुल 51,311 जैमर्स लगाए गए हैं।
कड़ी फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच: इस बार अभ्यर्थियों की जांच बेहद सख्त होगी। बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा पहचान प्रणाली) के लिए 48,448 कर्मचारियों को तैनात किया गया है, यानी बायोमेट्रिक मैनपावर को दोगुना कर दिया गया है। इसके अलावा, शारीरिक जांच (फ्रिस्किंग) के लिए अलग से 38,795 कर्मचारी तैनात रहेंगे।
OMR शीट का सुरक्षित कलेक्शन: परीक्षा के बाद OMR शीट को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए बैंक अधिकारियों को करीब 1,500 कस्टोडियन बैंक शाखाओं में तैनात किया गया है। देश भर के लगभग 700 केंद्रों से ओएमआर शीट इकट्ठा करने की जिम्मेदारी डाक विभाग (Department of Posts) को सौंपी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए राज्य और जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, अर्धसैनिक बल, भारतीय वायुसेना (IAF) और डाक विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। हर केंद्र पर लगभग 40 से 50 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। तैयारियों को परखने के लिए 20 जून को देशव्यापी मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई, जिसमें सीसीटीवी, जैमर्स और बायोमेट्रिक सिस्टम की जांच की गई।
देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने का पानी, ओआरएस (ORS), एम्बुलेंस और छायादार वेटिंग एरिया की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, कमरों में दीवार घड़ियां लगाई गई हैं और रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पेज दिए जाएंगे (बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है)। एंट्री प्रक्रिया में लगने वाले समय को देखते हुए छात्रों को एंट्री विंडो भी थोड़ी बड़ी दी गई है।
NTA का दावा और चेतावनी
NTA ने साफ किया है कि दोबारा होने वाली इस परीक्षा से पहले किसी भी तरह का पेपर लीक नहीं हुआ है। यानी कहीं से भी पेपर लीक की सूचना नहीं है। सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जा रही है और पेपर लीक के फर्जी दावों या अफवाहों को फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
परीक्षा का समय और केंद्र
यह री-एग्जाम पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) मोड में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में एक साथ आयोजित हो रही है, जिसमें 22.79 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे।पेपर लीक विवादों के बीच दोबारा हो रही नीट परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार कई तरह के आरोपों का सामना कर रही है। कॉकरोच जनता पार्टी ने इसी मुद्दे पर आंदोलन छेड़ा हुआ है। उसके नेता इस समय जंतर मंतर पर बैठे हुए। वो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं। लेकिन सरकार अड़ी हुई है और वो पहले ही मंत्री को क्लीन चिट दे चुकी है।