पैंगोंग त्सो क्षेत्र में चीन की हरकत को देखते हुए भारत उच्च क्षमता वाली बोट भेज रहा है। इस हफ़्ते तीनों सेवाओं द्वारा पैंगोंग त्सो तक स्टील की पतवार वाली नाव भेजने का निर्णय लिया गया और नौसेना को प्राथमिकता के आधार पर इसे ले जाने के लिए कहा गया।
भारत अपनी तरफ़ से यह तैयारी इसलिए कर रहा है कि चीन लगातार उकसावे की कार्रवाई कर रहा है। ‘टीओआई’ की रिपोर्ट के अनुसार पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग त्सो के उत्तरी क्षेत्र में क़रीब 8-किमी के क्षेत्र में कब्जा करने के बाद चीनी सेना ने चीन की ज़मीन होने का दावा करने के लिए क्षेत्र में बड़ा साइनेज यानी संकेतक लगाया है।