प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस बयान पर कि भारत की सीमाओं में
कोई घुसपैठ नहीं हुई है, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। राहुल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा है, ‘लद्दाख के लोग कह रहे हैं कि चीन हमारी ज़मीन ले रहा है और प्रधानमंत्री कहते हैं कि हमारी ज़मीन किसी ने नहीं ली है। जाहिर है, कोई न कोई झूठ बोल रहा है।’
राहुल ने ट्वीट में एक वीडियो भी अटैच किया है। राहुल के मुताबिक़, इस वीडियो में लद्दाख के कई लोग कह रहे हैं कि चीन हमारी सीमा के अंदर घुस गया है और हमारी ज़मीनें छीनी जा रही हैं। वीडियो में कुछ लोग कहते हैं कि चीन ने कई जगहों पर कब्जा कर लिया है और वह गलवान घाटी, फिंगर 4 से फिंगर 8 में कई किमी. तक अंदर घुस आया है।
कुछ दिन पहले राहुल ने गलवान पर ट्वीट करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्षेत्र को चीनी आक्रमण के सामने
आत्मसमर्पण कर दिया है। राहुल ने पहला सवाल पूछा था कि अगर धरती चीन की थी तो हमारे सैनिक क्यों मारे गए और दूसरा सवाल यह कि वे कहां मारे गए।