संसद में शुक्रवार को तब अनोखा विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला जब निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में राम मंदिर में दान की कथित चोरी को लेकर एक 'नुक्कड़ नाटक' किया। इसमें राहुल गांधी भी छोटी भूमिका में दिखे।
राम मंदिर चंदा 'चोरी' पर नुक्कड़ नाटक।
संसद में शुक्रवार को तब अनोखा विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला जब निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में अयोध्या के राम मंदिर में दान की कथित चोरी को लेकर एक 'नुक्कड़ नाटक' किया। इस नाटक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी कुछ देर के लिए भाग लिया और प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में पैसे डालते हुए दिखाई दिए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के कई सांसद भी मौजूद रहे। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद परिसन में सांसदों द्वारा अलग-अलग वेशभूषा पहनकर आने पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बताया।
संसद परिसर में 'नुक्कड़' नाटक का यह घटनाक्रम तब हुआ है जब विपक्ष लगातार इस मुद्दे को संसद में उठाने की मांग कर रहा है, लेकिन अभी तक सदन से इसकी मंजूरी नहीं मिली है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में राम मंदिर चंदा विवाद व अन्य मुद्दों पर विपक्ष ने नारेबाजी की, जिसके कारण कार्यवाही कई बार स्थगित हुई। समाजवादी पार्टी के सांसदों ने विशेष रूप से 'चंदा चोर, गद्दी छोड़' जैसे नारे लगाए। कांग्रेस ने राज्यसभा में नोटिस दिए और इनमें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कामकाज, वित्त, कथित गड़बड़ियों पर तुरंत चर्चा, स्वतंत्र ऑडिट और जवाबदेही तय करने की मांग की गई। विपक्ष ने उच्च स्तर पर जांच की मांग की है, पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया कि बड़े अधिकारियों व ट्रस्ट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
भगवा वेश में पहुँचे पप्पू यादव
संसद परिसर में पप्पू यादव भगवा वेश में पहुंचे। उन्होंने अपने सामने एक दान पेटी रखी और एक छोटा नाटक पेश किया। नाटक में वह पहले श्रद्धालुओं से दान लेते हैं और फिर उसी दान पेटी से पैसे निकालकर अपनी जेब में रखने की कोशिश करते हैं।
इसके बाद मौजूद अन्य विपक्षी सांसद उन्हें पकड़ लेते हैं और प्रतीकात्मक रूप से उनकी पिटाई करते हुए चोरी का विरोध जताते हैं। नाटक में यह भी दिखाया गया कि आरोपी भागने की कोशिश करता है, लेकिन उसे पकड़ लिया जाता है।राहुल गांधी ने भी निभाई छोटी भूमिका
नाटक के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कुछ देर के लिए उसमें शामिल हुए। उन्होंने दान पेटी में नकद राशि डालकर इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में भागीदारी की। राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी वहां मौजूद रहे और प्रदर्शन को देखते रहे।
समाजवादी पार्टी भी प्रोटेस्ट में शामिल
इस प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा और अवधेश प्रसाद भी शामिल हुए। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह नुक्कड़ नाटक पप्पू यादव का विचार था, लेकिन राम मंदिर में दान की कथित चोरी के मुद्दे पर पूरा विपक्ष एकजुट है।सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संसद सत्र शुरू होने के बाद से वह रोज़ इस मामले पर चर्चा कराने के लिए स्थगन प्रस्ताव दे रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर चर्चा के लिए तैयार नहीं है। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और संसद में इस पर खुलकर बहस होनी चाहिए।
कॉकरोच जनता पार्टी ने भी संसद परिसर में हुए इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को साझा किया है और लिखा है, 'संसद में भी अजीब नज़ारा देखने को मिला। राम जी के चित्र पर चढ़ावा चढ़ाने की बारी आई, तो दानपात्र तक पहुँचने से पहले ही पप्पू यादव ने चढ़ावा अपने हाथों में ले लिया।'
राम मंदिर दान चोरी के मुद्दे पर घेर रहा विपक्ष
विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है कि अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान में गड़बड़ी हुई है। विपक्ष चाहता है कि इस पूरे मामले पर संसद में चर्चा कराई जाए और सरकार जवाब दे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष इस मुद्दे को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है। हाल के दिनों में पेपर लीक और छात्र आंदोलन के मुद्दे पर सरकार को घेरने के बाद अब विपक्ष राम मंदिर के दान से जुड़े विवाद को भी प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बना रहा है।
अमित शाह की गैरमौजूदगी पर भी उठाए सवाल
नुक्कड़ नाटक के दौरान कांग्रेस सांसद एक बैनर के पीछे खड़े दिखाई दिए, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह की संसद में अनुपस्थिति पर सवाल उठाए गए थे। पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर भी अमित शाह से जवाब मांग रही है और इस मुद्दे पर लगातार सरकार को घेर रही है।स्पीकर ओम बिरला ने जताई नाराज़गी
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर स्पीकर ओम बिरला ने किसी सांसद का नाम लिए बिना कहा कि कुछ सदस्य अलग-अलग तरह की वेशभूषा पहनकर सदन में आ रहे हैं, जो संसद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
बिरला ने सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा कि संसद की मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है और ऐसे व्यवहार से बचना चाहिए। हालाँकि उन्होंने पप्पू यादव का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा उसी प्रदर्शन की ओर माना गया। इधर, बीजेपी ने आरोप लगाया है कि पप्पू यादव ने साधु का वेश में ऐसा कर साधु-संतों का अपमान किया है।
विपक्ष का कहना है कि वह राम मंदिर में दान की कथित चोरी के मामले को संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह उठाता रहेगा। दूसरी ओर, सत्तापक्ष ने अब तक इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कराने की सहमति नहीं दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि मानसून सत्र के बाकी दिनों में भी यह मुद्दा संसद के भीतर राजनीतिक टकराव का बड़ा कारण बना रह सकता है।