पेपर लीक मामले को लेकर शुरू हुए आंदोलन में अब एक नया राजनीतिक मोड़ दिखाई दे रहा है। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के ताज़ा रुख ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस आंदोलन की शुरुआत उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ की थी, अब उसी मांग पर वह सार्वजनिक रूप से जोर देते नजर नहीं आ रहे हैं। दूसरी ओर, उनके साथ आंदोलन शुरू करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब भी अपनी मूल मांग पर कायम है और उसने सरकार के सामने शर्तें दोहराई हैं। तमाम विपक्षी दलों का भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर पुराना स्टैंड ही कायम है। अगर कोई बदला है तो वो सोनम वांगचुक हैं।

पीएम की घोषणा के बाद भी CJP ने दोहराई अपनी मांग

23 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की। सरकार ने इसे परीक्षा प्रणाली में भरोसा बहाल करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। लेकिन CJP ने कहा कि केवल फास्ट ट्रैक कोर्ट से समस्या का समाधान नहीं होगा। पार्टी ने अपनी दो प्रमुख मांगें दोहराते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि पेपर लीक जैसी घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी सरकार और संबंधित मंत्रालय की है। इसी तरह पेपर लीक नेटवर्क की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। CJP का कहना है कि जब तक ये दोनों मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

जिस मांग से आंदोलन शुरू हुआ, वही अब पीछे क्यों?

सोनम वांगचुक ने जंतर-मंतर पर CJP के मंच से आमरण अनशन शुरू करते समय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को प्रमुख मुद्दा बनाया था। उस समय आंदोलन का संदेश साफ था कि पेपर लीक के लिए राजनीतिक जवाबदेही तय होनी चाहिए। हालांकि, बाद की घटनाओं में वांगचुक की प्राथमिकताएं बदलती दिखाई दीं। दिल्ली पुलिस द्वारा स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्हें जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्होंने निजी अस्पताल मेदांता में भर्ती किए जाने की इच्छा जताई। सरकार ने इस पर कोई आपत्ति नहीं की और बाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने भी उनकी इच्छा के अनुरूप मेदांता अस्पताल में भर्ती होने की अनुमति दे दी। इन घटनाओं के बाद वांगचुक के सार्वजनिक बयानों में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पहले जैसी प्रमुखता से सामने नहीं आई।
ताज़ा ख़बरें

सोनम वांगचुक का ताज़ा स्टैंड

सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को लिखे एक पत्र में कहा, "मैं सरकार से सम्मानपूर्वक यह स्पष्ट आश्वासन चाहता हूं कि आंदोलन में भाग लेने वाले किसी भी युवा प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई दंडात्मक या प्रतिशोधात्मक कानूनी कार्रवाई नहीं की जाए। अगर सरकार इस मांग को मान ले तो वो अपनी भूख हड़ताल खत्म करने को तैयार हैं।" 

राहुल गांधी, कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन पर सवाल क्यों

सोनम वांगचुक की पत्नी का बयान बताता है कि ये लोग नहीं चाहते कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी छात्रों के मुद्दे पर अलग से आंदोलन चलाएं। पेपर लीक मुद्दे को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कई महीनों से सरकार के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के निकट विरोध प्रदर्शन किया। लेकिन सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने राहुल गांधी के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास के बजाय जंतर-मंतर जाकर आंदोलनकारियों के साथ खड़ा होना चाहिए था। इस बयान को विपक्षी राजनीति से दूरी बनाने के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में आंग्मो ने कहा कि नेता अब वांगचुक और उनकी "प्रतिष्ठा" का "फायदा उठा" रहे हैं, लेकिन जनता को अब और बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता। आंग्मो ने कहा, "प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन में ईमानदारी की कमी थी। जनता को अब और बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता। यह एक जागरूक भारत है। जो लोग ईमानदार नहीं हैं, उन्हें युवा बाहर कर देंगे।" यानी आंग्मो यह कहना चाहती हैं कि पीएम मोदी के घर के पास राहुल गांधी और कांग्रेस का धरना, प्रदर्शन जनता को बेवकूफ बनाने के लिए था। आंग्मो के इस बयान को कम से कम कांग्रेस के वो लाखों कार्यकर्ता गंभीरता से नहीं लेंगे जिन्होंने इस पूरे प्रदर्शन को टीवी पर लाइव देखा है। सरकार राहुल के प्रदर्शन से जिस तरह परेशान हुई, पीएम मोदी को बयान देना पड़ा, वो सब सामने है।

केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकातें क्या कहती हैंः दो केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल जाकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की। यह घटनाक्रम राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। क्योंकि इस मुलाकात को गोदी मीडिया के चैनलों ने जिस तरह महत्व दिया, उससे स्थिति को समझा जा सकता है। इन मुलाकातों को लेकर विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच भी अलग-अलग तरह की व्याख्याएं सामने आ रही हैं। कुछ इसे सरकार और वांगचुक के बीच संवाद की कोशिश मान रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि सरकार ने सोनम वांगचुक के ज़रिए आंदोलन की दिशा बदलने की कोशिश की है।हालांकि, सरकार की ओर से इन मुलाकातों के राजनीतिक महत्व पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

आंदोलन की दिशा पर नए सवाल

वर्तमान स्थिति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सोनम वांगचुक और CJP की रणनीति अब अलग-अलग हो गई है। एक ओर CJP अब भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को आंदोलन की केंद्रीय मांग बता रही है, वहीं दूसरी ओर वांगचुक का हालिया सार्वजनिक रुख अपेक्षाकृत नरम दिखाई देता है। सीजेपी का प्रदर्शन गुरुवार 23 जुलाई को जंतर मंतर पर जारी है।

अभिजीत दिपके का ताज़ा बयान

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा- पिछले कुछ दिनों से मुझे बुख़ार और शरीर में तेज़ दर्द है, लेकिन पेनकिलर लेकर मैं काम चला रहा हूँ। अगर आज मैं जंतर-मंतर पर न दिखूँ तो माफ़ कीजिएगा। मुझे ठीक होने के लिए कुछ घंटे आराम करने की ज़रूरत है। शाम तक मैं विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर वापस आ जाऊँगा।