हरियाणा के करनाल में शनिवार रात श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की एक लग्जरी बस पर पथराव की घटना को घाटी के नेताओं ने 'हेट क्राइम' बताया है। बस के मालिक का आरोप है कि हमलावरों ने पहले ड्राइवर के साथ मारपीट की और फिर लौटकर बस के शीशे तोड़ दिए। चार यात्री घायल हुए, जिनमें एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा सरकार के सामने मामला उठाया है कार्रवाई की मांग की है। जम्मू-कश्मीर के अन्य नेताओं ने इस घटना को कश्मीरियों के खिलाफ नफरत से प्रेरित हिंसा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालाँकि, हरियाणा पुलिस ने घटना को पार्किंग को लेकर हुआ विवाद बताया है। पुलिस के मुताबिक़ इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। बस जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर वाली थी और उस पर बड़े अक्षरों में ‘कश्मीर’ लिखा हुआ था। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनगर जा रही यह बस शनिवार रात करीब 10:30 बजे करनाल के पास डिवाइन ढाबा के नजदीक रुकी थी। बस का संचालन स्टार वर्ल्ड एडवेंचर्स नाम की कंपनी करती है। कंपनी के मालिक आदिल अहमद भट ने बताया कि बस के पास एक कार खड़ी थी जिसमें चार लोग सवार थे। उन्होंने बस ड्राइवर से कथित तौर पर ‘कश्मीरी बस’ को वहां से हटाने के लिए कहा।
भट के मुताबिक़ ड्राइवर को लगा कि कार निकालने के लिए जगह मांगी जा रही है तो उन्होंने जवाब दिया कि कार निकालने के लिए पर्याप्त जगह है। इसके बाद कार में बैठे चारों लोग बाहर आए और बस में घुसकर ड्राइवर के साथ मारपीट करने लगे। बस में मौजूद दूसरे यात्रियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद वे लोग वहां से चले गए। लेकिन बस मालिक का आरोप है कि कुछ समय बाद वे लोग बाइक से लौटे और बस पर पत्थर फेंकने लगे।
ताज़ा ख़बरें

बस के शीशे टूटे, चार यात्री घायल

रिपोर्ट के अनुसार बस मालिक के मुताबिक़ पथराव के समय अधिकतर यात्री ढाबे पर गए हुए थे और बस के अंदर कुछ ही लोग मौजूद थे। इस दौरान चार यात्री घायल हो गए। घायलों में एक बुजुर्ग यात्री भी शामिल हैं, जिनकी नाक पर चोट आई। बस को भी काफी नुकसान पहुंचा। बस मालिक का कहना है कि बस के बाईं तरफ की सभी खिड़कियों के शीशे और पीछे की तरफ का विंडशील्ड टूट गया।
अंग्रेज़ी अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार आदिल अहमद भट ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कहा कि वे ‘कश्मीरी बस’ को सड़कों पर नहीं चलने देंगे। भट का दावा है कि इस बार यात्रियों ने भी हमलावरों का विरोध किया। बस मालिक ने हरियाणा पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने हमलावरों को रोकने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय बस के एक यात्री को पकड़ लिया। भट के मुताबिक, पुलिस ने उस यात्री को पुलिस पर हमला करने के आरोप में मामला दर्ज करने की धमकी दी। हालांकि, बाद में उसे छोड़ दिया गया।

हरियाणा पुलिस ने क्या कहा?

करनाल जिले के बुटाना थाने के एसएचओ विपिन कुमार ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से कहा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद पार्किंग को लेकर हुआ था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक़ किसी व्यक्ति पर सीधे हमला नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग यात्री को चोट बस के शीशे पर ईंट लगने के बाद टूटे हुए हिस्से से आई थी। एसएचओ ने यह भी दावा किया कि कार में सवार दो लोग कथित तौर पर नशे में थे और बस में मौजूद एक यात्री ने भी शराब पी रखी थी। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा।

CM उमर अब्दुल्ला ने उठाया मामला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर चिंता जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने हरियाणा सरकार के सामने यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा है कि जम्मू-कश्मीर जा रही बस से जुड़ी घटना को हरियाणा सरकार के साथ उठाया गया है। कार्यालय के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा और उनकी भलाई को लेकर चिंता जताई गई।

नफरत से आम कश्मीरी असुरक्षित: वहीद पारा

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी यानी पीडीपी के नेता वहीद पारा ने घटना की निंदा की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा, 'नफरत आम कश्मीरियों को असुरक्षित बना रही है। हम गिरफ्तारी और जवाबदेही की मांग करते हैं।' पारा का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सज्जाद लोन ने बताया ‘हेट क्राइम’

पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने भी घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसे कश्मीरियों के खिलाफ नफरत से जुड़ी हिंसा बताया। लोन ने कहा कि आम नागरिकों को ले जा रहे वाहन को निशाना बनाना और एक बुजुर्ग यात्री को घायल करना ऐसी घटना है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कश्मीरियों के प्रति नफरत से भरे किसी व्यक्ति द्वारा आम नागरिकों के खिलाफ हिंसा करना गंभीर मामला है। लोन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेगा और जिम्मेदार लोगों को उनके किए की सजा मिलेगी।

मीरवाइज उमर फारूक ने भी जताई चिंता

कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को धमकियां दिए जाने की खबरों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कश्मीरी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तेजी से सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।

यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल

करनाल की इस घटना को लेकर दो अलग-अलग बातें सामने आई हैं। बस मालिक ने आरोप लगाया है कि बस को ‘कश्मीरी’ होने के कारण निशाना बनाया गया, ड्राइवर के साथ मारपीट हुई और पथराव में चार यात्री घायल हुए। दूसरी ओर, हरियाणा पुलिस इसे पार्किंग को लेकर हुआ विवाद बता रही है। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के नेताओं ने सवाल उठाया है कि दूसरे राज्यों में यात्रा कर रहे कश्मीरियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी। 
फिलहाल सबसे अहम सवाल यह है कि क्या घटना की निष्पक्ष जांच होगी, क्या हमले और कथित धमकियों के आरोपों की पड़ताल की जाएगी और क्या यात्रियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।