NCP (एसपी) के महासचिव और विधायक रोहित पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अजित पवार विमान हादसे पर पत्र लिखा है। रोहित ने नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू के इस्तीफे की मांग की है। 28 जनवरी को महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार बारामती हवाई अड्डे के पास विमान हादसे में मारे गए थे।

  • रोहित पवार की लगातार मांग ने सिर्फ महाराष्ट्र सरकार ही नहीं, डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और बीजेपी नेताओं को मुश्किल में डाल दिया है। अजित पवार की मौत के फौरन बाद ही उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बना दिया गया था। सुनेत्रा पवार या उनके बेटे इस मामले में न कोई बयान दे रहे हैं और न ही जांच की मांग कर रहे हैं। 
रोहित पवार ने शनिवार को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में (जिसकी प्रति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी गई है) दुर्घटना की जांच पूरी होने तक मंत्री के राम मोहन नायडू के पद से हटाए जाने या इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की भी मांग की है।

पत्र में रोहित पवार ने लिखा है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान लर्नजेट 45 एयर चार्टर कंपनी VSR Ventures का था। उन्होंने VSR कंपनी और मंत्री के राम मोहन नायडू की पार्टी (टीडीपी) के बीच कथित संबंधों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “VSR कंपनी और राम मोहन नायडू की पार्टी (TDP) के बीच क्या संबंध हैं। इन संबंधों की स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकरण द्वारा जांच होनी चाहिए। इसमें अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का सहयोग लिया जाए।”

ताज़ा ख़बरें
रोहित पवार ने पत्र में प्रधानमंत्री से अपील की, “आपने हमेशा अजित दादा और उनके देश के योगदान का सम्मान किया है। इस संदर्भ में, मैं अनुरोध करता हूं कि जांच पूरी होने तक राम मोहन नायडू को अपने पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए। यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि VSR के संबंध में DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) पर किसी तरह का प्रभाव या हस्तक्षेप न हो।”

नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित पवार ने आरोप लगाया कि दुर्घटना में राजनीतिक या व्यावसायिक साजिश की आशंका है। उन्होंने ब्लैक बॉक्स, कई विस्फोटों, यांत्रिक खराबी, रखरखाव की समस्याओं और अतिरिक्त पेट्रोल के डिब्बों के अनुचित भंडारण के कारण आग लगने जैसे मुद्दों पर गहराई से जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि ये सभी पहलू जांच में शामिल होने चाहिए ताकि सच्चाई सामने आए।

28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास लैंडिंग के प्रयास के दौरान VSR कंपनी के इस Learjet 45 विमान के क्रैश होने से अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। NCP (SP), शिवसेना (UBT) और कांग्रेस के नेताओं ने भी घटना पर सवाल उठाए हैं और संभावित फाउल प्ले की आशंका जताई है।

रोहित पवार ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सीधे हस्तक्षेप करने की अपील की है, क्योंकि वे सबसे शक्तिशाली पदों पर हैं और न्याय सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी तरह का प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए और जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

महाराष्ट्र से और खबरें
यह मामला अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है, जहां परिवार के सदस्य और विपक्षी नेता जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं। जांच एजेंसियां DGCA और AAIB की टीम पहले ही घटनास्थल का दौरा कर चुकी हैं और जांच जारी है।