पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने सीएम भगवंत मान और उनकी पत्नी पर एक ऑडियो जारी कर बड़ा आरोप लगाया है। बीजेपी का दावा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर कथित तौर पर बिचौलियों के जरिए 5 करोड़ रुपये लेकर रेप के मामलों को दबाने और समझौता कराने का रैकेट चला रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ कथित ऑडियो क्लिप भी जारी किए। हालाँकि, इन ऑडियो क्लिप में कहीं भी मुख्यमंत्री भगवंत मान या उनकी पत्नी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया है। इन आरोपों पर न तो भगवंत मान व उनकी पत्नी और न ही आम आदमी पार्टी ने ख़बर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया दी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले बीजेपी नेता?

प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'भगवंत मान और उनकी पत्नी लूट और भ्रष्टाचार का रैकेट चला रहे हैं। बिचौलियों के माध्यम से असली रेप मामलों को 5 करोड़ रुपये लेकर रफा-दफा किया जा रहा है।' उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जारी किए गए ऑडियो क्लिप कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
भंडारी ने कहा, 'क्या मुख्यमंत्री खुद किसी मामले को खत्म कराने में हस्तक्षेप कर रहे हैं? क्या मुख्यमंत्री का सरकारी आवास अब ऐसे सौदों का केंद्र बन गया है? क्या यहां से पैसा लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तक पहुंचाया जा रहा है?' हालाँकि बीजेपी ने इन आरोपों के समर्थन में कोई ऐसा प्रत्यक्ष सबूत सार्वजनिक नहीं किया जिसमें मुख्यमंत्री या उनकी पत्नी की सीधी भूमिका दिखाई या सुनाई देती हो।

ऑडियो क्लिप में क्या है?

बीजेपी द्वारा जारी कथित ऑडियो क्लिप में एक व्यक्ति खुद को प्रभावशाली बताते हुए आपराधिक मामलों और रेप केस को निपटाने की बात करता सुनाई देता है। बीजेपी का दावा है कि यह व्यक्ति एक बिचौलिया है। 

बीजेपी की ओर से जारी किए गए ऑडियो में न तो मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम लिया गया है और न ही उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर का। इसी वजह से इन आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद और बढ़ गया है।

किस मामले से जुड़ा है विवाद?

बीजेपी के आरोप एक ऐसे मामले से जुड़े हैं जिसमें इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर गुरविंदर सिंह चहल पर एक महिला के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। पीड़िता के पिता ने अप्रैल में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी का अपहरण किया गया है। इसके बाद 29 अप्रैल को अमृतसर में एफआईआर दर्ज हुई।

महिला को 1 मई को बरामद किया गया, जिसके बाद मामले में दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गईं। करीब दो सप्ताह बाद गुरविंदर चहल को गिरफ्तार किया गया, लेकिन जुलाई में उन्हें जमानत मिल गई। इस पर शिरोमणि अकाली दल ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने जानबूझकर कमजोर जांच की, जिससे आरोपी को राहत मिल गई।

हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला

पीड़िता के पिता ने बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में आरोप लगाया गया कि पुलिस पर मामले को दबाने का दबाव बनाया जा रहा है। इसी दौरान आरोपी गुरविंदर चहल ने भी अपने सहयोगी सिमरनजीत सिंह हुंदल के माध्यम से अदालत में याचिका दाखिल की।

उस याचिका में दावा किया गया कि अमरदीप सिंह ग्रेवाल नाम का व्यक्ति करोड़ों रुपये की मांग कर रहा था और वह मुख्यमंत्री की पत्नी से अपने करीबी संबंध होने का दावा कर रहा था। बाद में हाईकोर्ट ने मामले की जांच विशेष पुलिस महानिदेशक को सौंप दी।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी लिया संज्ञान

इस मामले में हाल ही में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग यानी एनएचआरसी ने भी संज्ञान लिया है। सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीश रंजीत सिंह की शिकायत के आधार पर आयोग ने मुख्यमंत्री की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर को नोटिस जारी किया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रेप मामले को दबाने के लिए 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। आयोग ने इन आरोपों के संबंध में जवाब मांगा है।
पंजाब से और खबरें

अकाली दल ने भी की सीबीआई जांच की मांग

इस विवाद के बीच शिरोमणि अकाली दल का एक प्रतिनिधिमंडल पंजाब के राज्यपाल से मिला। अकाली दल ने मुख्यमंत्री कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और रेप आरोपी को बचाने के प्रयासों की सीबीआई जांच कराने की मांग की। पार्टी का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए।

बीजेपी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कई सवाल पूछे हैं। पार्टी ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी किसी भी रूप में आपराधिक मामलों को पैसे लेकर निपटाने की प्रक्रिया से जुड़े हैं। बीजेपी ने मांग की कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति साफ़ करें।

फिलहाल बीजेपी ने जो आरोप लगाए हैं, वे राजनीतिक आरोप हैं और उनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। जारी ऑडियो क्लिप में भी मुख्यमंत्री भगवंत मान या उनकी पत्नी का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।