पाकिस्तान ने तीन शर्तों को माने जाने पर ही भारत के साथ टी20 विश्वकप क्रिकेट खेलने की बात कही है। श्रीलंका में दोनों देशों के बीच पहला मैच होना है। लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ खेलने से मना कर दिया।
टी20 वर्ल्ड कपः भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ खेलने के लिए तीन शर्तें रखी हैं। यह मैच 15 फरवरी को न्यूट्रल वेन्यू श्रीलंका में तय है, लेकिन पाकिस्तान सरकार की ओर से शुरू में इसे मंजूरी नहीं दी गई थी। अब जब पीसीबी और आईसीसी की बातचीत इस मुद्दे पर हो रही है तो पाकिस्तान ने तीन शर्तें रख दी हैं।
पीसीबी और आईसीसी के बीच लाहौर में रविवार को उच्च स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के प्रमुख अमीनुल इस्लाम बुलबुल और आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा शामिल हुए। आईसीसी सीईओ संजोग गुप्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। बैठक कई घंटों तक चली, जिसमें भारत-पाकिस्तान मैच कराने पर चर्चा हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी ने मैच खेलने के लिए आईसीसी से तीन मांगें की हैं:
- आईसीसी की आमदनी में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाया जाए।
- भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट बहाल किया जाए।
- हैंडशेक प्रोटोकॉल को लागू किया जाए।
तीसरी मांग एशिया कप 2025 के दौरान पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों और स्टाफ के साथ हैंडशेक न करने के संदर्भ में आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पीसीबी आईसीसी पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच न होने से ब्रॉडकास्टिंग पैसे में बड़ा नुकसान हो सकता है। पाकिस्तान वर्तमान में आईसीसी राजस्व का 5.75% हिस्सा (लगभग 34.51 मिलियन अमेरिकी डॉलर सालाना) प्राप्त करता है, जो सदस्य बोर्डों में चौथे स्थान पर है।
बांग्लादेश के संदर्भ में भी चर्चा हुई, जिसने सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत में अपने मैचों को ट्रांसफर करने की मांग ठुकराए जाने के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने का फैसला किया था। पाकिस्तान बांग्लादेश को मुआवजा दिलाने में मदद कर सकता है।
हालांकि, द्विपक्षीय क्रिकेट बहाल करने का फैसला दोनों देशों की सरकारों पर निर्भर है, और आईसीसी इसमें केवल मध्यस्थ की भूमिका निभा सकती है, इसे लागू नहीं कर सकती। बैठक के बाद कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। पीसीबी अब पाकिस्तान सरकार से परामर्श करेगा और अगले 24 घंटों में अपना अंतिम रुख स्पष्ट कर सकता है।
यह विवाद टी20 विश्व कप की सबसे बड़ी मैच की संभावना को प्रभावित कर रहा है, और आईसीसी मैच को कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन बातचीत जारी है।