उत्तर प्रदेश की बरेली में 16 वर्षीय छात्रा के एक रेस्टोरेंट में मुस्लिम दोस्तों के साथ मिलने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने बजरंग दल को फोन कर जानकारी दी। थोड़ी देर बाद रेस्टोरेंट में आए कुछ लोगों ने 'लव जिहाद' का नाम देकर वीडियो वायरल कर दिया।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक रेस्टोरेंट में मुस्लिम दोस्तों से मिलने का एक वीडियो वायरल होने के बाद एक 16 वर्षीय छात्रा के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने एक रेस्टोरेंट में अपने दो मुस्लिम दोस्तों से मुलाकात की थी। इसके बाद कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर उस पर कथित तौर पर 'लव जिहाद' का आरोप लगाया, हंगामा किया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कुछ घंटों बाद छात्रा ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली।
पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है। जाँच में रेस्टोरेंट में हुई घटना, छात्रा के साथ हुई कथित बदसलूकी, उसके दोस्त के साथ मारपीट और सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
टीओआई की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि कक्षा 9 में पढ़ने वाली छात्रा बरेली के इज्जतनगर इलाक़े के एक रेस्टोरेंट में अपने दो दोस्तों सलमान और शोएब के साथ गई थी। तीनों एक निजी अस्पताल में साथ काम करते थे और वहाँ चाय पीने पहुँचे थे। शुरुआती जाँच में पता चला है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बजरंग दल के कुछ लोगों को फोन कर सूचना दी कि एक हिंदू लड़की मुस्लिम युवकों के साथ बैठी है।
'लव जिहाद' कहकर किया हंगामा
सूचना मिलने के बाद कुछ लोग रेस्टोरेंट पहुंचे और छात्रा व उसके दोस्तों से सवाल-जवाब करने लगे। पुलिस के अनुसार, इस दौरान छात्रा पर कथित तौर पर 'लव जिहाद' का आरोप लगाया गया और रेस्टोरेंट के अंदर काफी देर तक बहस होती रही। रेस्टोरेंट के सुरक्षा कर्मचारियों ने बाद में उन लोगों को बाहर निकाल दिया, लेकिन तब तक वहां मौजूद कई लोगों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था।कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की जाँच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के दौरान छात्रा से कथित तौर पर अभद्र भाषा में बात की गई और उसके साथ मौजूद युवक सलमान के साथ मारपीट भी की गई। पुलिस का कहना है कि घटना के कुछ घंटों बाद मंगलवार देर रात छात्रा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक जय प्रकाश ने टीओआई को बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौक़े पर पहुँची और रेस्टोरेंट संचालक सहित अन्य लोगों से पूछताछ की। रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना दी थी, जिसके बाद वे वहां पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि वह उन लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करेगी जिन्होंने घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया।
कई लोगों से पूछताछ
पुलिस ने छात्रा के साथ मौजूद सलमान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ़ होगा कि इस मामले में किसकी क्या भूमिका थी। पुलिस ने यह भी बताया कि रेस्टोरेंट में पहुंचने वाले एक संगठन से जुड़े तीन लोगों की पहचान कर ली गई है, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बाद ही उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। इसके अलावा वीडियो वायरल करने के मामले में भी दो युवकों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जाँच का एक अहम हिस्सा यह भी है कि वीडियो किसने रिकॉर्ड किया, किसने उसे सोशल मीडिया पर साझा किया और क्या वीडियो वायरल होने तथा ऑनलाइन टिप्पणियों का छात्रा पर मानसिक दबाव पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदुत्ववादी संगठनों का रवैया
उत्तर प्रदेश में बजरंग दल, विहिप जैसे हिंदुत्ववादी संगठन और कभी-कभी बीजेपी कार्यकर्ता लव जिहाद के आरोपों को सक्रिय रूप से उठाते रहते हैं। ये आरोप मुख्य रूप से हिंदू लड़कियों को मुस्लिम युवकों द्वारा फँसाने, पहचान छिपाकर रिलेशनशिप बनाने, जबरन धर्मांतरण करवाने, शादी के नाम पर शोषण और वीडियो बनाने व ब्लैकमेलिंग से जुड़े होते हैं। ये संगठन अक्सर सोशल मीडिया, पुलिस में शिकायत और सार्वजनिक दबाव के ज़रिए मामले उठाते रहे हैं।ऐसे लगातार मामले आते रहे हैं। कुछ महीने पहले लखनऊ KGMU में एक रेजिडेंट डॉक्टर ने अपने सहकर्मी मुस्लिम डॉक्टर पर आरोप लगाया कि उसने शादी का झांसा देकर रिलेशन बनाया और धर्मांतरण का दबाव डाला। वीएचपी और बजरंग दल ने कैंपस में प्रदर्शन किए। पुलिस ने इसे 'लव जिहाद' माना और आरोपी व उसके परिवार को गिरफ्तार किया। मोदीनगर में जून 2026 में फेसबुक दोस्ती के बाद ब्लैकमेल और उत्पीड़न का मामला आया। हिंदू संगठनों ने इसे लव जिहाद बताया। हिंदू संगठनों पर मुस्लिम विरोधी नफ़रत फैलाने का आरोप लगता रहा है।