जिस नेहा पब्लिक स्कूल में यह घटना हुई मंगलवार को चौथे दिन भी बंद है। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि वे स्कूल की संबद्धता को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए कारण बताओ नोटिस का जवाब देने में व्यस्त हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने पीटीआई को बताया कि स्कूल को उसकी संबद्धता को लेकर शनिवार को कारण बताओ नोटिस भेजा गया था और उसे संबद्धता के मुद्दे पर जवाब देने को कहा गया है। स्कूल को 2019 में तीन साल के लिए संबद्धता मिली थी। पिछले साल मान्यता समाप्त होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने इसे नवीनीकृत कराने का प्रयास नहीं किया। शुभम शुक्ला ने कहा कि स्कूल बंद नहीं किया जाएगा और छात्रों के हित में वहां सामान्य शिक्षण गतिविधियां तब तक जारी रहेंगी जब तक उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती।