भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के बीच बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में हुई।
शुभेंदु के पीए चंद्रनाथ रथ बारासत स्थित अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10:20 बजे उनकी कार को एक या दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रोका। एक हमलावर कार की खिड़की के पास आया और उन पर तीन राउंड गोलियां चला दीं। रथ ड्राइवर के बगल में बैठे थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया।
रथ को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि दो व्यक्ति इमरजेंसी में लाए गए थे, जिनमें एक को मृत अवस्था में और दूसरे को गोली लगने की चोट के साथ लाया गया था।
ताज़ा ख़बरें
पुलिस सूत्रों ने इसे पूर्व नियोजित हत्या बताया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “यह प्लान्ड मर्डर है क्योंकि गोली मारने के बाद हत्यारा/हत्यारे यह सुनिश्चित करने के लिए रुके कि पीड़ित की मौत हो गई है।” पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हमलावरों की तलाश में छानबीन चल रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

चंद्रनाथ रथ कौन थे?

रथ पहले भारतीय वायु सेना में थे। वे 2018 से शुभेंदु अधिकारी के साथ थे। जब अधिकारी भाजपा में शामिल हुए तो रथ को उनका पर्सनल असिस्टेंट (पीए) बनाया गया। अधिकारी जब विपक्ष के नेता बने तो रथ उनके एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट बने। वे पूर्वी मेदिनीपुर के चंदीपुर के रहने वाले थे और चंदीपुर पंचायत सदस्य हासी रथ के पुत्र थे।

भाजपा का बयान

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिकक भट्टाचार्य ने कहा, “यह अपेक्षित था। वे कितना नीचे गिर सकते हैं? सरकार जाते ही गवर्नर को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। टीएमसी ने शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या कर दी। पहले वे हमारे नेताओं शुभेंदु, दिलीप घोष समेत अन्य पर हमले कर चुके हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उनका मां भी हमारी पार्टी में है। लीडर ऑफ अपोजिशन के पीए की हत्या एक मैसेज है। लोग फैसला करेंगे। हम कानूनी कदम उठाएंगे।”

शुभेंदु अधिकारी ने अपने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या पर कहा कि वे अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं और पुलिस जांच का इंतजार करेंगे। हालांकि, अधिकारी ने कहा कि उन्हें लगता है कि इस घटना के पीछे कुछ राजनीतिक संबंध हो सकते हैं।

टीएमसी का बयान

टीएमसी ने एक्स पर बयान जारी कर घटना की निंदा की। पार्टी ने कहा, “हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की बर्बर हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। साथ ही पिछले तीन दिनों में भाजपा समर्थित गुंडों द्वारा की गई हिंसा में मारे गए तीन अन्य टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं, जबकि मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू था।” टीएमसी ने शुभेंदु के पीए की हत्या और टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की जांच सीबीआई से कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की है।
पश्चिम बंगाल से और खबरें

बंगाल में हालात खराब

पश्चिम बंगाल में भाजपा की भारी जीत और 15 साल के टीएमसी शासन के अंत के बाद राज्य में हिंसा बढ़ गई है। डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि 4 मई को नतीजे आने के बाद से अब तक 200 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं, 433 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 1100 से ज्यादा को निवारक हिरासत में लिया गया है। दो मौतें (नानूर और न्यू टाउन) पहले ही पोस्ट-पोल हिंसा से जुड़ी बताई गई हैं, जिनमें आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। राज्य में मुस्लिमों को टारगेट कर भी हिंसा हो रही है। मांस की दुकानों पर बुलडोजर चला दिए गए। मस्जिद का नाम जबरन बदल दिया गया। कई मस्जिदों में तोड़फोड़ की गई। मुस्लिम दुकानों को लूटा गया। टीएमसी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी हमले हो रहे हैं। कई टीएमसी दफ्तरों को निशाना बनाया गया।
शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इस घटना ने राज्य की राजनीतिक स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।