Suvendu Adhikari CM West Bengal से जुड़ा एक वीडियो वायरल है। 2016 के इस वीडियो में पीएम मोदी शुभेंदु अधिकारी के कथित भ्रष्टाचार के बारे में जबरदस्त तरीके से बता रहे हैं। कांग्रेस पार्टी, उसके नेताओं और आम लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
पीएम मोदी शनिवार को कोलकाता में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को आशीर्वाद देते हुए
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के कभी सबसे भरोसेमंद रहे शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार 9 मई को राज्य के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कोलकाता में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्रिमंडल के दिग्गज नेता मौजूद रहे। लेकिन इसी के साथ एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है जो बीजेपी के पहले बंगाल सीएम से भी ज्यादा चर्चा में है। उस वीडियो के बारे में हम आपको आगे इसी रिपोर्ट में बताएंगे।
शुभेंदु का शपथग्रहण
शुभेंदु अधिकारी के साथ अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, दिलीप घोष, अशोक कीर्तनिया और क्षुदिराम टुडू ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लिया। समारोह के दौरान पीएम मोदी और अमित शाह का शुभेंदु के प्रति गर्मजोशी भरा चर्चा में है। शुभेंदु ने बांग्ला भाषा में शपथ ली। इस कार्यक्रम में प्रमुख विपक्षी पार्टी टीएमसी के नेता शामिल नहीं हुए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
शपथ ग्रहण के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नारदा करप्शन केस से जुड़े पुराने वीडियो फिर से वायरल हो गए हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने नारदा स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो साझा कर भाजपा और प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला है।नारदा करप्शन केस के वीडियो को सबसे ज्यादा शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो सीधे प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ा है जिन्होंने शुभेंदु के साथ आज 9 मई को कोलकाता में मंच साझा किया, उन्हें आशीर्वाद दिया। अमित शाह ने शुभेंदु को गले लगाया।
पीएम मोदी से जुड़े वीडियो में क्या है
कांग्रेस ने 2016 के इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है- शुभेंदु अधिकारी कितने बड़े वाले भ्रष्ट हैं, ये बात नरेंद्र मोदी बता रहे हैं। ये वीडियो 2016 का है। अब उन्हीं शुभेंदु अधिकारी को मोदी ने पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री बना दिया है। मोदी का फंडा साफ है- खूब खाओ, मुझे भी खिलाओ.. जमकर भ्रष्टाचार फैलाओ। कांग्रेस पार्टी के तमाम नेताओं ने इस वीडियो को शेयर किया है। अब आम लोग भी एक्स पर इसे जमकर शेयर कर रहे हैं।
शुभेंदु पर कथित भ्रष्टाचार का मामला क्या है
इस वीडियो में शुभेंदु के भ्रष्ट होने और पैसा लेने की बात कही गई है। आखिर भ्रष्टाचार का वो केस क्या है। 17 मई 2021 की एनडीटीवी रिपोर्ट के मुताबिक नारदा टेप्स मामला वरिष्ठ पत्रकार मैथ्यू सैमुअल सामने लाए थे। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी का स्टिंग 2021 में किया था। जिसमें शुभेंदु कथित तौर पर रिश्वत लेते दिख रहे हं। CBI ने सैमुअल द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं सुब्रत मुखर्जी और फरहाद हाकिम जैसे नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन BJP के शुभेंदु अधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि उनके खिलाफ भी उसी मामले में सबूत मौजूद थे। CBI के पास तीन साल पहले चार्जशीट तैयार थी। लेकिन शुभेंदु को केंद्र सरकार ने बचा लिया।
एनडीटीवी रिपोर्ट के मुताबिक मैथ्यू सैमुअल ने कहा, “मैं शुभेंदु अधिकारी के दफ्तर में खुद पैसे देने गया था। उनकी नाम सीबीआई सूची में नहीं है। क्या हुआ? फॉरेंसिक जांच हुई और साबित हुआ... CBI ने मेरा बयान भी लिया था। मुझे यह भी पता चला कि शुभेंदु अधिकारी ने स्वीकार किया कि उन्होंने मुझसे पैसे लिए थे।”
सीबीआई को शुभेंदु पर मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं मिली
NDTV को CBI सूत्रों ने उस समय बताया था कि एजेंसी शुभेंदु अधिकारी और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित अथॉरिटीज से मंजूरी का इंतजार कर रही है। एजेंसी ने 6 अप्रैल 2019 को लोकसभा स्पीकर से उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मांगी थी, क्योंकि उस समय शुभेंदु अधिकारी सांसद थे। CBI सूत्रों ने कहा, “मंजूरी मिलते ही कानून अपना कोर्स चलेगा।” एजेंसी ने इस मामले में रिमाइंडर भी भेजा था। वरिष्ठ पत्रकार मैथ्यू सैमुअल ने कहा कि टेप्स में जो कुछ दिखाया गया था, वह कुछ भी नहीं है। इस करप्शन का मामला बहुत बड़ा है।
2016 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नारदा न्यूज ने विभिन्न टीएमसी नेताओं के वीडियो रिकॉर्डिंग जारी किए थे, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे नकद रिश्वत लेकर कुछ पक्षपातपूर्ण आदेश दे रहे थे। ये रिकॉर्डिंग्स नारदा टेप्स के नाम से प्रसिद्ध हुए। शुभेंदु उस समय टीएमसी में थे। इसमें सीबीआई ने जो गिरफ्तारियां कीं, उसमें सुब्रत मुखर्जी, फरहाद हाकिम, मदन मित्रा, सोवन चटर्जी शामिल थे।
शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत का बयान
शिवसेना यूबीटी नेता और सांसद संजय राउत ने इस मुद्दे पर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है। राउत ने कहा- 2014 में, तेहलका पत्रिका के पत्रकार मैथ्यू सैमुअल ने नारदा स्टिंग ऑपरेशन किया। शुभेंदु अधिकारी समेत कई प्रमुख टीएमसी नेता रिश्वत लेते पकड़े गए। 2016 के चुनावों में, भाजपा ने इस वीडियो का जमकर प्रचार किया। और बाद में, जब शुभेंदु भाजपा में शामिल हुए, तो उन्होंने अपने आधिकारिक चैनल से वह वीडियो हटा दिया। अब भाजपा का यह महान नेता पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री बन गया है, और पूरी भाजपा उसकी प्रशंसा करने में जुट गई है। यह कैसी नैतिकता और कैसे सिद्धांत हैं?
यह केस फाइलों में अभी भी है। बहुत मुमकिन है कि जिस तरह योगी आदित्यनाथ जब यूपी के सीएम बने तो अपने खिलाफ दर्ज सारे मुकदमे यानी पुलिस केसों को वापस ले लिया। शुभेंदु के खिलाफ भी ढेरों केस दर्ज है। क्या वो भी योगी आदित्यनाथ की तरह सारे केस वापस ले लेंगे। वक्त बताएगा।