आंदोलनकारी छात्र सोमवार आधी रात को फिर से जंतर मंतर पहुंचे। उन्होंने तहस नहस किए गए धरनास्थल को ठीक किया। आज 21 जुलाई को उन्होंने फिर से संसद मार्च निकालने की घोषणा की है। पुलिस की बेरहमी के खिलाफ बहुत गुस्सा दिखाई दे रहा है।
जंतर मंतर से 21 जुलाई सुबह की तस्वीर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन तेज हो चुका है। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ऐलान किया है कि मंगलवार को भी 'संसद मार्च' जारी रहेगा। हालांकि बाद में उसे वापस ले लिया गया। पुलिस ने जिस बेरहमी से युवकों को पीटा है, उसके खिलाफ गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है। जंतर मंतर पर भीड़ बढ़ रही है। सरकार संसद में इस मुद्दे को उठने नहीं दे रही है। देशभर में जंतर मंतर के प्रदर्शनकारियों के समर्थन में प्रदर्शन हो रहे हैं। नीचे लाइव अपडेट देखिएः
जंतर मंतर पर भीड़ बढ़ रही है
मंगलवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के साथ ही भीड़ बढ़ने लगी। दिल्ली पुलिस ने घोषणा की कि धारा 163 अभी भी लागू है और लोगों को उस जगह पर भीड़ नहीं जुटानी चाहिए। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को छात्रों को जिस बेरहमी से पीटा है, उसके विरोध में भारी संख्या में लोग मंगलवार को भी जंतर मंतर पहुंच रहे हैं। जंतर मंतर की घटना को लेकर मोदी सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है। राहुल गांधी ने जंतर मंतर की घटना के लिए पीएम मोदी से माफी मांगने को कहा।
नड्डा, राहुल और प्रियंका गांधी आरएमएल अस्पताल पहुंचे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा 'चलो संसद' विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में घायल हुए छात्रों से मिलने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी RML अस्पताल पहुँच गए हैं और अभी वहाँ के सीनियर डॉक्टरों और संस्थान के डायरेक्टर से मिलकर हालात का जायज़ा ले रहे हैं। इसके बाद वे CJP के उन प्रदर्शनकारियों से मिलेंगे जो वहाँ भर्ती हैं।
विपक्षी सांसद राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे
विपक्षी पार्टियां दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के समर्थकों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार दोपहर संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च करने की योजना बना रही हैं। विपक्षी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में सोमवार को हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा हुई और सभी पार्टियां इस बात पर सहमत थीं कि विरोध प्रदर्शन को संसद के बाहर ले जाने की ज़रूरत है। बैठक में शामिल एक सांसद ने कहा, "(मल्लिकार्जुन) खड़गे जी के चैंबर में हुई बैठक के दौरान हमने इस पर चर्चा की और मोटे तौर पर यह तय किया है कि संसद की कार्यवाही के आधार पर हम आज दोपहर मार्च करेंगे। सभी पार्टियां इसके लिए सहमत हैं।"
केजरीवाल घायल छात्रों से मिले, हेल्पलाइन का ऐलान
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल जाकर घायल छात्र प्रदर्शनकारियों से मुलाक़ात की। केजरीवाल ने कहा, "मोदी सरकार की ओर से निहत्थे बच्चों पर किए गए बर्बर हमले में कई बच्चे और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उनमें से कई बच्चों को RML (अस्पताल) लाया गया था। मैं आज उन सभी घायलों से मिलने यहाँ आया हूँ। हमें जानकारी मिली है कि एक लड़की को छोड़कर बाकी सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।" इस बीच, AAP ने घायल प्रदर्शनकारियों को मेडिकल मदद और हिरासत में लिए गए छात्रों के परिवारों को कानूनी सहायता देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 8588833548 जारी किया है।
सीजेपी का मंगलवार को संसद मार्च वापस लिया
सोमवार देर रात CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने मीडिया से कहा, "हम मंगलवार को फिर से संसद की ओर मार्च करेंगे। हम जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल को किसी भी हाल में खाली नहीं छोड़ रहे हैं।" हालांकि बाद में इस मार्च को सीजेपी ने वापस ले लिया। सोमवार को पुलिस द्वारा हटाए गए टेंट और अस्थायी मंच को CJP समर्थकों ने देर रात भारी बारिश के बीच दोबारा खड़ा कर दिया। स्थल पर एक हजार से अधिक प्रदर्शनकारी और सैकड़ों पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं। पुलिस छात्रों पर पथराव के आरोप लगा रही है लेकिन उसके सबूत नहीं हैं। हां घायल पुलिस वालों के फोटो और वीडियो ज़रूर हैं। जबकि सैकड़ों छात्र-छात्राओं के घायल के अनगिनत फोटो और वीडियो हैं। सिविल ड्रेस में गुंडे युवक-युवतियों को पुलिस की मौजूदगी में पीटते नज़र आ रहे हैं।
24वें दिन सोनम वांगचुक का उपवास अस्पताल में जारी है। दिल्ली हाईकोर्ट में आज मंगलवार को उनके मामले की सुनवाई है।
पुलिस की तैयारी
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी (सब-इंस्पेक्टर रैंक) के अनुसार, मंगलवार को भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। संसद जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड्स दोबारा खड़े किए जा रहे हैं और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। CJP पदाधिकारियों ने कहा है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
सीजेपी और आइसा के कार्यकर्ताओं का धरना 6 जून से जारी है। युवक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।शिक्षाविद व जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे, जिन्हें हिरासत में लेकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनका उपवास अस्पताल में जारी है। पुलिस ने कई FIR दर्ज की हैं और CCTV व मोबाइल फुटेज के जरिए कथित साजिश की जांच की जा रही है। हिंसक झड़पों के बीच CJP प्रतिनिधियों की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से सोमवार को दो बार मुलाकात हुई और 3 मांगों वाला लिखित ज्ञापन सौंपा गया।