संसद के बजट सत्र में गुरुवार को विपक्ष ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकसभा में अनुपस्थिति पर करारा तंज कसा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार एपस्टीन फाइल्स से डर रही है, या राहुल गांधी द्वारा किताब को कोट करने से, या फिर भारत-अमेरिका डील से जो किसानों को नुकसान पहुंचाएगी?

प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के राज्यसभा में राहुल गांधी को "अबोध" (naive) कहने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "क्या किसी से इस तरह बात की जाती है? उन्हें बोलने दिया जाना चाहिए। वे किससे डर रहे हैं कि वो किताब से कोट करेंगे? या एपस्टीन फाइल्स से डर रहे हैं? या हम उनसे भारत-अमेरिका डील के बारे में सवाल करेंगे जिससे किसान प्रभावित होंगे?"

यह विवाद तब और तेज हो गया जब लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी का पहले से तय संबोधन बुधवार और गुरुवार को रद्द कर दिया गया। लोकसभा में पीएम मोदी के भाषण के बिना गुरुवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पास कर दिया गया। सदन में लगातार हंगामा और विरोध प्रदर्शन के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही। राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित संस्मरणों का हवाला देते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बीच में ही रोक दिया गया। हालांकि ये किताब उपलब्ध है, यही वजह है कि किताब राहुल के पास है।

ताज़ा ख़बरें
राज्यसभा में जेपी नड्डा ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी को "अबोध बच्चे" की तरह पार्टी को बंधक बनाए रखा गया है। उन्होंने लोकतंत्र पर खतरे के आरोपों को खारिज किया। वहीं, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर बहस दबाने का आरोप लगाया और कहा, "सदन इस तरह कैसे चलाया जा सकता है?"

संसद के दोनों सदनों में तीखी बहस और हंगामे के बीच कांग्रेस सदस्यों ने राज्यसभा से वॉकआउट भी किया। सूत्रों के अनुसार, मोशन ऑफ थैंक्स पर प्रधानमंत्री मोदी अब राज्यसभा में शाम को जवाब दे सकते हैं, लेकिन लोकसभा में उनका संबोधन रद्द होने से राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है।

विपक्ष का कहना है कि सरकार लोकतंत्र को दबाने की कोशिश कर रही है, जबकि सत्ता पक्ष विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगा रहा है। यह सत्र विवादों से भरा हुआ दिख रहा है।